हमीरपुर, 22 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र के भौंरा निवासी एक विवाहिता ने पति सहित 9 ससुरालीजनों के खिलाफ बगैर तलाक दिए पति की दूसरी शादी कराने में सहयोग करने तथा सोने चांदी के जेवरात हड़प लेने का आरोप लगाकर मंगलवार को मुकदमा दर्ज कराया है।
भौंरा निवासी रामकुमारी ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी शादी जून 2013 में बांदा जनपद के जसपुरा थाना क्षेत्र के नरायढ गांव निवासी रमेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से अब तक उसके कोई संतान नहीं हुई है। इसी बात को लेकर पति रमेश और अन्य ससुरालीजन उसका उत्पीड़न करते रहते थे। मई 2022 में पति के उत्पीड़न की शिकायत जसपुरा थाने में दर्ज कराई थी। पुलिस ने पति पत्नी के मध्य लिखित समझौता कराया था। इसके बाद पति रमेश अपने साथ नोएडा ले गया। नोएडा में जेठ संतोष और ननद राधा भी रहती हैं। गत 12 अगस्त को उसकी मौसी की मौत की सूचना मिली। इस पर पति ने उसे निजी बस से मौदहा भिजवा दिया था। मौसी के अंतिम संस्कार के बाद वह वापस नोएडा लौटना चाहती थी तब पति ने कहा कि रक्षाबंधन तक तुम मायके चली जाओ। वह रक्षाबंधन पर्व में आकर ले जायेगा। गत 29 अगस्त को जेठ संतोष ने मोबाइल पर एक सहमति पत्र भेजा जिसमें रमेश की दूसरी शादी का उल्लेख था।
पति ने शाहजहांपुर जनपद की निवासी शबाना पुत्री इरशाद का धर्म परिवर्तन कराकर विवाह किया है। ननद से जब उसने बताया कि तुम्हारे भाई ने दूसरी शादी की है। तब उन्होंने कहा कि यह सत्य है। पीडिता का आरोप है कि उसने अपने भाई को नोएडा भेजा। जहां किराए के मकान से उसके सोने चांदी के जेवरात के साथ 35 हजार नगदी, साड़ियां आदि गायब मिली। पीडिता ने पति रमेश, ननद राधा, जावित्री, गीता, सावित्री, सुधा, संतोष, राम रजवा उर्फ राजाराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने मंगलवार को बताया कि तहरीर के आधार पर पति समेत नौ लोगों पर मुकदमा लिखा गया है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।