डिवाइडर से टकराकर घायल बाइक सवार की मौत

मीरजापुर, 24 अगस्त । विंध्याचल थाना क्षेत्र के गैपुरा चौराहे से करीब 500 मीटर पूरब मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर रविवार देर रात डिवाइडर से टकराने के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक सवार की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे में बदेवरा चौबे गांव निवासी 35 वर्षीय सन्नी उपाध्याय उर्फ सोनू पुत्र सुशील उपाध्याय की जान चली गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया कि सन्नी रविवार रात मीरजापुर से बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। गैपुरा चौकी से करीब 500 मीटर आगे पहुंचते ही उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सर्रोई पहुंचाया गया, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उन्हें वाराणसी ले गए, जहां सोमवार सुबह चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

सन्नी पुणे में रहकर अपना व्यवसाय करते थे और करीब तीन वर्ष बाद बीमार दादा विष्णु चरण उपाध्याय की सेवा के लिए गांव लौटे थे। वह दो बेटों के पिता थे। हादसे के बाद पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनाें को सौंप दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर की मांग फिर उठी

स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि डिवाइडर पर रेडियम अथवा रिफ्लेक्टर नहीं लगाए जाने से रात में वाहन चालकों को इसका पता नहीं चल पाता। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने डिवाइडर पर तत्काल रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.