डाक्टर दंपति के घर चाेरी का खुलासा, हापुड़ के शातिर चाेर जीजा-साले गिरफ्तार

कौशांबी, 20 नवंबर । उत्तर प्रदेश के जनपद कौशांबी के मंझनपुर जिला अस्पताल परिसर स्थित चिकित्सक के आवास से हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में जीजा-साले को गिरफ्तार किया है।

आरोपित अलीजान के खिलाफ अलग अलग जनपदों में 10, जबकि उसके साले शाकिर अहमद के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ कुल 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। गिरोह के दो अन्य सदस्य अभी फरार हैं। गिरफ्तार आरोपिताें के कब्जे से तीन लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार बरामद की गई है। पुलिस का दावा है कि चोरी गए माल का करीब 50 प्रतिशत बरामद कर लिया गया है।

एसपी सत्यनारायण ने बताया कि 13 नवंबर को जिला अस्पताल परिसर में रहने वाले चिकित्सक डॉ. रमेश चंद्र यादव के आवास का ताला तोड़कर चोरों ने नकदी और आभूषण पार कर दिए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये आंकी गई थी। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सर्विलांस की मदद ली गई। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की।

शुक्रवार को मंझनपुर पुलिस, सीडब्ल्यूआई, एसओजी और सर्विलांस टीम ने जीआईसी कॉलेज भेलखा के पास घेराबंदी कर अलीजान निवासी हापुड़ और शाकिर अहमद निवासी बागपत को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि दोनों रिश्ते में जीजा-साले हैं। पुलिस के अनुसार आरोपिताें ने अपने दो अन्य साथियों के साथ पहले चिकित्सकों की आवासीय कॉलोनी की रेकी की थी। इसके बाद मकान बंद होने का फायदा उठाकर ताला तोड़ा और चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से करीब 19.370 ग्राम सोने के आभूषण, 266 ग्राम चांदी के आभूषण और तीन लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक तमंचा, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल वैगनआर कार भी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि फरार दोनों आरोपिताें की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.