चेकिंग करने पहुंचे जेई की पिटाई, 20-30 अज्ञात समेत 6 नामजद,पुलिस ने शुरू की जांच

बिजनौर,23 सितम्बर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के चांदपुर थाना क्षेत्र के बागड़पुर गांव में बिजली चेकिंग करने पहुंची विभागीय टीम के जेई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली चोरी की जांच के दौरान कहासुनी के बाद तीन-चार लोगों ने जेई के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में कई अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और जेई को करीब एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा। घटना का वीडियो मंगलवार देर शाम सामने आने के बाद पुलिस ने जेई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बागड़पुर गांव में पावरहाउस है, जहां जेई सुदीप कुमार शर्मा तैनात हैं। बताया गया कि शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे जेई 10 कर्मचारियों की टीम के साथ गांव में बिजली चेकिंग करने पहुंचे थे। टीम ने संजीव के घर के मीटर की जांच की तो इनकमिंग केबल में कट लगा मिला। आरोप है कि इसी कट के जरिए बिजली चोरी कर हीटर चलाया जा रहा था। घर के बाहर बनी दुकानों में भी इसी कनेक्शन से बिजली का इस्तेमाल किया जा रहा था।

टीम ने जब मौके की वीडियोग्राफी शुरू की तो विवाद हो गया। आरोप है कि पहले कहासुनी हुई और इसके बाद संजीव ने ग्राम प्रधान के पति नवनीत समेत कुछ लोगों के साथ मिलकर जेई के साथ मारपीट शुरू कर दी।

चारपाई पर बैठे जेई को भी नहीं उठने दिया

वायरल वीडियो में कुछ लोग जेई को घेरकर उनके साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि जेई चारपाई पर बैठे थे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें उठने नहीं दिया और लगातार थप्पड़ व घूंसे बरसाते रहे। विभागीय कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उनका मोबाइल छीनकर वीडियो डिलीट कराने का भी आरोप है।

जेई के मुताबिक, उन्हें करीब 15 मिनट तक पीटा गया और लगभग एक घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। बाद में पुलिस के गांव पहुंचने पर उन्हें वहां से छुड़ाकर थाने ले जाया गया।

जेई सुदीप कुमार शर्मा की तहरीर पर चांदपुर पुलिस ने संजीव, उसके बेटे, ग्राम प्रधान के पति नवनीत, सुधांशु, अंकित और मोहित को नामजद किया है। इसके अलावा 20 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

थाना प्रभारी राहुल सिहं का कहना है कि वायरल वीडियो और जेई की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.