भाजपा का राहुल गांधी पर पलटवार, भट्ट बोले-बिना सबूत आरोप लगाना और फिर भाग जाना कांग्रेस की पुरानी फितरत

देहरादून, 13 नवंबर । भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से फोन टैपिंग के लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन पर पलटवार किया है। कहा कि बिना किसी ठोस प्रमाण के मनगढ़ंत आरोप लगाना और सनसनी फैलाना राहुल गांधी की पुरानी फितरत रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब मुद्दों और विश्वसनीयता की कमी है, इसलिए वह झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रही है।

आज मीडिया को जारी बयान में महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल गांधी का फोन टैप करने में किसी की कोई दिलचस्पी नहीं है। उन्हें निराधार बयानबाजी करने के बजाय तथ्यों के साथ सामने आना चाहिए। फोन टैपिंग जैसे गंभीर आरोप लगाने के लिए पुख्ता सबूत होने जरूरी हैं, क्योंकि यह केवल सरकार ही नहीं, बल्कि देश की व्यवस्था और छवि से भी जुड़ा मामला है।

महेंद्र भट्ट ने पेगासस जासूसी प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2019 में भी राहुल गांधी ने पेगासस सॉफ्टवेयर के जरिये जासूसी के आरोप लगाए थे। उस समय सुप्रीम कोर्ट की जांच के दौरान संबंधित लोगों से मोबाइल फोन जमा कराने को कहा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी और कांग्रेस के नेता इसके बाद अदालत में अपना पक्ष रखने नहीं पहुंचे। भट्ट ने कहा कि इस तरह के आरोपों से राजनीतिक भ्रम फैलाने की कोशिश की जाती रही है।

राहुल गांधी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहस की मांग पर भी भट्ट ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि संसद भारतीय लोकतंत्र में संवाद और चर्चा का सर्वोच्च मंच है। किसी भी गंभीर राष्ट्रीय मुद्दे पर सार्थक बहस संसद के भीतर होनी चाहिए, न कि सड़क पर बयानबाजी के जरिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी को लोकतांत्रिक संस्थाओं एवं मर्यादाओं की चिंता नहीं है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के लिए लोकतंत्र की गरिमा तथा संवैधानिक मूल्यों का सम्मान सर्वोपरि है।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा संसद में हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। कांग्रेस को भी आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति छोड़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था के सर्वोच्च मंच पर अपनी बात रखनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.