एक अक्टूबर से उत्तराखंड में शुरू होगी मिलेट्स की खरीद

देहरादून, 30 सितंबर । उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ (यूसीएफ) एक अक्टूबर से प्रदेशभर में मिलेट्स की खरीद शुरू करेगा। मिलेट्स मिशन योजना के तहत इस फसली वर्ष 250 क्रय केंद्रों के माध्यम से मंडुवा, झंगोरा, तिलहन, चौलाई और दाल समेत अन्य पहाड़ी उपज सीधे किसानों से खरीदी जाएगी। मंडुवा का खरीद मूल्य 52.05 रुपये प्रति किलो निर्धारित किया गया है।

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में पारंपरिक खेती को बढ़ावा देने के साथ किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पारंपरिक और मोटे अनाज की खेती छोड़ चुके किसान अब दोबारा इसकी ओर लौट रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रदेश को शत-प्रतिशत जैविक राज्य बनाना है।

उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में जैविक खेती का लाभ किसानों को मिल रहा है और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। भविष्य में जैविक उत्पादों की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए किसानों को इसका लाभ दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विभागीय मंत्री ने बताया कि एक अक्टूबर से शुरू होने वाली खरीद प्रक्रिया के लिए यूसीएफ ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वर्ष मंडुवा 52.05 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा जाएगा, जबकि पिछले वर्ष इसकी खरीद 48.86 रुपये प्रति किलो की दर से हुई थी।

सहकारिता सचिव डॉ. इकबाल अहमद ने बताया कि मिलेट्स की खरीद और प्रचार-प्रसार के लिए सभी जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। खरीद केंद्रों और निर्धारित मूल्य की जानकारी किसानों तक पहुंचाने को कहा गया है। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने और भुगतान सीधे डीबीटी के माध्यम से करने के निर्देश दिए।

उत्तराखंड राज्य सहकारी संघ के प्रबंध निदेशक आनंद शुक्ल ने बताया कि इस वर्ष किसानों से मिलेट्स की खरीद के लिए प्रदेशभर में 250 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। पिछले वर्ष 214 केंद्रों से खरीद हुई थी। इस तरह इस वर्ष 36 अतिरिक्त केंद्र स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि यूसीएफ हाट के माध्यम से भी किसानों के उत्पादों की खरीद और विपणन को बढ़ावा दिया जाएगा। मंडुवा 52.05 रुपये प्रति किलो की निर्धारित दर पर खरीदा जाएगा, जबकि सोयाबीन, दाल, झंगोरा, चौलाई तथा अन्य सूखे अनाज और पहाड़ी उत्पाद बाजार मूल्य के आधार पर खरीदे जाएंगे। खरीदे गए उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और विपणन के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में यूसीएफ ने 214 क्रय केंद्रों के माध्यम से 11,153 किसानों से कुल 53,860.652 क्विंटल मंडुवा खरीदा था। चमोली में सर्वाधिक मंडुवा खरीद की गई, जबकि सबसे अधिक किसानों ने टिहरी में अपने उत्पाद बेचे। कुमाऊं मंडल में पिथौरागढ़ मंडुवा खरीद में आगे रहा।

यूसीएफ के माध्यम से गढ़वाल और कुमाऊं दोनों मंडलों में किसानों से सीधे मिलेट्स की खरीद की जाएगी। इस वर्ष मंडुवा का खरीद मूल्य 52.05 रुपये प्रति किलो रखा गया है। पिछले वर्ष यह दर 48.86 रुपये प्रति किलो थी। इससे पहले मंडुवा 18 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया था। प्रत्येक क्विंटल मंडुवा की खरीद पर संबंधित सहकारी समिति को 200 रुपये की आय प्राप्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.