सप्तऋषि क्षेत्र में कुंभ तैयारियों का अपर मेलाधिकारी ने लिया जायजा

हरिद्वार, 23 सितंबर । कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत सप्तऋषि क्षेत्र में सड़क, जल निकासी, पार्किंग और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्य जल्द शुरू किए जाएंगे। बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने अधिकारियों की टीम के साथ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर प्रस्तावित कार्यों की स्थिति और जरूरतों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने भूमा निकेतन के प्रमुख स्वामी अच्युतानंद तीर्थ महाराज से भेंट कर कुंभ की तैयारियों पर चर्चा की। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सुझाव लिए।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुराने आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर, सप्तऋषि चौक होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग तक सप्तसरोवर मार्ग के सुधार का काम शीघ्र शुरू किया जाएगा। इसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अपर मेलाधिकारी ने कुंभ के दौरान यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए संभावित पार्किंग स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क, जल निकासी, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता प्रवेश कुमार, अपर सहायक अभियंता चंद्रलाल भारती, पार्षद आकाश भाटी, सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र शर्मा समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.