658 किलोमीटर की हिमालयन एमटीबी चैलेंज में 10 जनपदों से गुजरेंगे देशभर के 80 साइकिलिस्ट

नैनीताल, 19 नवंबर । उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के उद्देश्य से आयोजित अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज-2026 का आगाज होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 80 साइकिलिस्ट प्रदेश के 10 जनपदों से गुजरते हुए 658 किलोमीटर का सफर तय करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी में होगा।

प्रतियोगिता के शुभारंभ की पूर्व संध्या पर गुरुवार को मुक्तेश्वर स्थित एक रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम से ऑनलाइन जुड़े और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तराखंड के पर्यटन, लोकसंस्कृति और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के विभिन्न जनपदों, घाटियों और नगरों को एक सूत्र में जोड़ने के साथ देश-दुनिया के लोगों को उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक खानपान, रीति-रिवाजों और परंपराओं से परिचित कराते हैं। इससे स्थानीय उत्पादों और पर्यटन स्थलों को पहचान मिलती है तथा ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा मिलता है। साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता, हिमालयी घाटियां, जैव विविधता और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। हिमालयन एमटीबी चैलेंज जैसे आयोजन प्रदेश को साहसिक पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पहुंचे साइकिलिस्टों, अतिथियों और आयोजन से जुड़े लोगों का स्वागत किया गया। इस दौरान संकल्प ग्रुप, कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान समिति खुरपाताल और नई दिशाएं नैनीताल के सांस्कृतिक दलों ने प्रस्तुतियां दीं। उत्तराखंड की प्रसिद्ध लोकप्रेम गाथा राजुला-मालूशाही पर आधारित नृत्य प्रस्तुति में कलाकारों ने प्रेम, समर्पण, संघर्ष और विरह की भावनाओं को जीवंत किया। वहीं ‘तेरो नथुली को डोर’ गीत पर छपेली लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देवेंद्र ढैला, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, केएमवीएन के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, महाप्रबंधक मनीष सिंह, सीआईएफ के संयुक्त सचिव शैलेंद्र पाठक, पर्यटन विकास परिषद के सदस्य नितिन राणा और गिरधर मनराल सहित प्रतिभागी एवं अन्य अतिथि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.