हाथी के हमले में जान गंवाने वाले किसान के परिवार को तीन लाख की सहायता

हरिद्वार, 09 अक्टूबर । हरिद्वार जिले में हाथी के हमले में जान गंवाने वाले किसान सतपाल के परिवार को वन विभाग ने तत्काल सहायता के रूप में तीन लाख रुपये दिए हैं। विभाग ने नियमानुसार शेष सात लाख रुपये भी जल्द उपलब्ध कराने की बात कही है। वहीं, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने पीड़ित परिवार से मिलकर एक सदस्य को वन विभाग में संविदा पर रोजगार दिलाने के प्रयास का आश्वासन दिया।

ग्राम पंचायत सजनपुर पीली के बाहर पीली गांव निवासी सतपाल की गुरुवार शाम हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे के किनारे खेत में घास काटते समय हाथी के हमले में मौत हो गई थी। घटना के बाद परिवार ने उचित मुआवजे और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की थी। इसको लेकर परिजनों ने हाईवे जाम करने का प्रयास भी किया, लेकिन पुलिस के समझाने पर वे लौट गए।

शुक्रवार को स्वामी यतीश्वरानंद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी को भी मौके पर बुलाया। ग्रामीणों ने परिवार को उचित मुआवजा और रोजगार दिलाने की मांग उठाई। इस पर यतीश्वरानंद ने कहा कि सरकार की ओर से नियमानुसार कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का प्रस्ताव है। परिवार के एक सदस्य को वन विभाग में संविदा के आधार पर रोजगार दिलाने के प्रयास भी किए जाएंगे।

वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि परिवार को तीन लाख रुपये की तत्काल सहायता दी गई है। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर शेष सात लाख रुपये भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग की टीमों की निगरानी और गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से हाथी दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि रास्ता पार करते समय हाथी सामने आ जाए तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें और उसे रास्ता पार करने के लिए पर्याप्त जगह दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.