कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में गंगा का स्वच्छ और निर्मल जल आकर्षण का केंद्र : धामी

देहरादून, 15 नवंबर । कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में मां गंगा का स्वच्छ, निर्मल और गहरा नीला जल आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए नमामि गंगे परियोजना के तहत सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियान के जरिए प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार में चलाए गए विशेष सफाई अभियान में 100 टन से अधिक कचरा एकत्र किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच हरिद्वार में मां गंगा का स्वच्छ और निर्मल जल सभी के मन को आनंदित कर रहा है। राज्य सरकार नमामि गंगे परियोजना और व्यापक स्वच्छता अभियान के माध्यम से गंगा की निर्मलता बनाए रखने के लिए निरंतर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की अविरलता और निर्मलता बनाए रखने का सरकार का संकल्प अटूट है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं से गंगा को स्वच्छ रखने में योगदान देने की अपील भी की।

मुख्यमंत्री के कार्यकाल में गंगा और उसकी सहायक नदियों के किनारे स्थित शहरों में सीवरेज प्रबंधन का बुनियादी ढांचा विकसित करने के लिए एसटीपी निर्माण और नाला टैपिंग के कार्य कराए गए हैं। हरिद्वार में उत्तराखंड पेयजल निगम के अनुसार, गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी एसटीपी से जोड़ी जा चुकी है। इसके अलावा शहर में कुल 145 एमएलडी क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट संचालित हैं।

इसी क्रम में शिवालिक नगर में एक एसटीपी के निर्माण के साथ विभिन्न स्थानों पर आठ सीवरेज पम्पिंग स्टेशन भी बनाए जा रहे हैं। इन कार्यों का उद्देश्य सीवरेज को सीधे गंगा में जाने से रोकना और अपशिष्ट जल का उपचार सुनिश्चित करना है।

वहीं, इस वर्ष गंगा बंदी के दौरान हरिद्वार प्रशासन ने विभिन्न विभागों, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं तथा व्यापारिक संगठनों के सहयोग से व्यापक सफाई अभियान चलाया। अभियान के तहत घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को भी एकत्र किया गया। इस दौरान 100 टन से अधिक कचरा हटाया गया।

गंगा बंदी समाप्त होने के बाद दीपावली की रात हरकी पैड़ी क्षेत्र में गंगा का जल प्रवाह दोबारा शुरू हुआ। इसके बाद घाटों पर स्वच्छ जलधारा दिखाई दी। प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को गंगा की स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। उनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। गंगा की स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने गंगा संरक्षण के सामूहिक प्रयासों का आह्वान करते हुए कहा कि गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.