‘शुद्धिकरण’ पर कांग्रेस का हमला, महेंद्र भट्ट से स्पष्टीकरण की मांग

देहरादून, 29 अगस्त । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कथित ‘शुद्धिकरण यज्ञ’ का समर्थन करने संबंधी बयान के विरोध में कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग ने शनिवार को उनके आवास का घेराव आवास घेराव के लिए मार्च किया। प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल ने किया।

मदन लाल ने कहा कि आठ अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में जनसभा को संबोधित किया था। कांग्रेस का आरोप है कि जनसभा के बाद कुछ लोगों ने उसी स्थान पर यज्ञ कर कथित ‘शुद्धिकरण’ किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इस कृत्य को सामाजिक सौहार्द, लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के विरुद्ध बताया है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक विचारों का विरोध किया जा सकता है, लेकिन किसी राजनीतिक दल की सभा के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ करने जैसी मानसिकता समाज में वैमनस्य पैदा करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा कथित शुद्धिकरण को उचित ठहराया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और इसी के विरोध में घेराव किया गया।

मदन लाल ने कहा कि कांग्रेस संविधान,लोकतंत्र और सामाजिक समानता में विश्वास करती है। किसी व्यक्ति अथवा राजनीतिक दल की विचारधारा से असहमति हो सकती है, लेकिन किसी को अपवित्र बताकर उसके कार्यक्रम स्थल का शुद्धिकरण करना सामाजिक विभाजन को बढ़ावा देने वाला कृत्य है। उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से अपने बयान पर प्रदेश की जनता को स्पष्टीकरण देने की मांग की।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ.जसविंदर सिंह गोगी ने कहा कि कांग्रेस दलितों के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर दलितों के प्रति अत्याचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों का विरोध करती रहेगी।

प्रदर्शन में प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, अभिनव थापर,जगदीश धीमान, सीपी सिंह, महेंद्र सिंह नेगी, नीरज त्यागी, करण घट, आदर्श सूद, गगन सक्सेना, रविंद्र ठाकुर, सुनील प्रधान, पूनम कंडारी, नितीश राजोरिया, सागर सिंह, अमित तलवार,राजकुमार सिंह, सुनील जायसवाल,पिया थापा, हरजीत सिंह, अनिल बंसल, संजय गौतम, अशोक कुमार, ललित भद्री, वीरेंद्र पंवार, मुकीम अहमद भूरा,दीपक मधवाल, शाहिद अहमद, जमाल, याकूब सिद्दीकी, अभिषेक पासी, रोबिन त्यागी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.