डोभाल पर टिप्पणी से भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ नाराज

हल्द्वानी, 15 अक्टूबर । भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक सेवानिवृत्त कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के संबंध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर आपत्ति जताते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर जिम्मेदार और तथ्यपरक संवाद की अपील की है।

कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं,लेकिन ऐसे मामलों में संवाद के दौरान मर्यादा, तथ्यों और जिम्मेदारी का ध्यान रखा जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि डोभाल का सुरक्षा क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। सरकार की नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है, लेकिन राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तियों पर व्यक्तिगत टिप्पणियों से बचना चाहिए। प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने कहा कि ऐसी चर्चाओं में सेना के योगदान और देश की सुरक्षा से जुड़े हितों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

प्रकोष्ठ की ओर से सेवानिवृत्त कैप्टन सोबन सिंह, सूबेदार मेजर अर्जुन सिंह भंडारी और सूबेदार मेजर अमत सिंह भदौरिया ने भी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर जिम्मेदार एवं गरिमापूर्ण संवाद बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व और उत्तराखंड कांग्रेस से डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी पर अपना आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने का आग्रह किया।

प्रेसवार्ता में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, नैनीताल के जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल और भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता विष्णु सक्सेना भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.