अंतिम संस्कार के बीच श्मशान घाट में मधुमक्खियों के झुंड ने ग्रामीणों पर किया हमला

अजमेर, 12 सितंबर । अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे ग्रामीणों को अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने घेर लिया। देखते ही देखते मधुमक्खियां लोगों पर टूट पड़ीं और डंक मारना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए ग्रामीण इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में श्मशान घाट पर चीख-पुकार और भगदड़ का माहौल बन गया। हमले में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इनमें से तीन घायलों को अजमेर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना शनिवार सुबह श्रीनगर थाना क्षेत्र के फारकियां गांव की है। गांव में बीजा सिंह के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। इसी दौरान वहां स्थित मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक झुंड निकल आया और लोगों पर हमला कर दिया। ग्रामीणों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मधुमक्खियों के डंक से बचने के लिए लोग इधर-उधर दौड़ने लगे।

मौके पर मौजूद गोरधन सिंह रावत ने बताया कि मधुमक्खियों के हमले में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

घायलों को 108 एंबुलेंस और गोशाला की एंबुलेंस की मदद से जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों के उपचार में जुट गई। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है।

हमले में घायल महेंद्र सिंह और ओमप्रकाश की हालत गंभीर बताई जा रही है। ओमप्रकाश के कान के अंदर मधुमक्खी घुसने की जानकारी सामने आई है। वहीं रतन सिंह रावत का भी अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। अंतिम संस्कार के दौरान हुए इस अचानक हमले ने ग्रामीणों को झकझोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.