एशियन खेल 2026: सुनील कुमार सेमीफाइनल में हारे, अब कांस्य के लिए होगी चुनौती

आइची-नागोया, 30 सितंबर । भारतीय पहलवान सुनील कुमार को एशियन खेल 2026 में पुरुषों के ग्रीको-रोमन 87 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जापान के ताइजो योशिदा के खिलाफ तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हार का सामना करना पड़ा। योशिदा ने सुनील को 11-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।

सुनील की पदक की उम्मीदें अभी खत्म नहीं हुई हैं। वह अब रेपेचाज से आने वाले पहलवान के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में उतरेंगे।

इससे पहले सुनील ने प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत करते हुए ताजिकिस्तान के मुहम्मद सुल्तानज़ोदा को तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर 9-0 से हराया था।

उस मुकाबले में उनके प्रतिद्वंद्वी को एक भी अंक नहीं मिला था।

इस बीच, ज्योति वेन्नम, चिकिता तनीपर्थी और पृथिका प्रदीप की भारतीय महिला कंपाउंड टीम ने चीन को 238-234 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। भारतीय टीम ने इससे पहले सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 234-233 से हराया था।

कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में चिकिता तनीपर्थी और साहिल जाधव ने भी फाइनल में जगह बना ली। भारतीय जोड़ी ने रोमांचक सेमीफाइनल में थाईलैंड को 156-155 से हराया।

भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने सिंगापुर को क्वार्टर फाइनल में 2-0 से हराकर पदक पक्का किया। तन्वी खन्ना और अनाहत सिंह ने अपने-अपने एकल मुकाबले जीतकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया।

कैनो स्लैलम में प्रद्युम्न सिंह राठौड़ ने पुरुषों की कयाक एकल स्पर्धा के फाइनल में जगह बनाई।

साइकिलिंग में कीर्ति रंगास्वामी चिक्का ने रेपेचाज के जरिए महिलाओं की कीरिन स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया, जबकि सरिता कुमारी बाहर हो गईं।

पुरुषों की स्प्रिंट स्पर्धा में डेविड बेकहम और रोनाल्डो सिंह क्वालिफिकेशन में क्रमशः 14वें और 15वें स्थान पर रहे और बाद में राउंड ऑफ 16 रेपेचाज में बाहर हो गए।

जूडो में अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किग्रा राउंड ऑफ 16 में वियतनाम की हा न्गोक ची को इप्पोन के जरिए हराकर अगले दौर में जगह बनाई।

सेपक टकरॉ में भारतीय पुरुष टीम ने क्वाड्रेंट ग्रुप चरण में लाओस को 2-0 से हराया, जबकि महिला टीम को ग्रुप ए में वियतनाम के खिलाफ 0-2 से हार मिली।

महिलाओं के फ्रीस्टाइल 68 किग्रा वर्ग में निशा दहिया का अभियान राउंड ऑफ 16 में समाप्त हो गया। उन्हें उत्तर कोरिया की पाक सोल गुम के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.