यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आगाज सोमवार से, डुप्लांटिस और इंगब्रिग्त्सेन पर रहेंगी नजरें

बर्मिंघम, 09 अगस्त । विश्व रिकॉर्डधारी और ओलंपिक चैंपियन अर्मांड ‘मोंडो’ डुप्लांटिस समेत दुनिया के 10 मौजूदा चैंपियन सोमवार से शुरू हो रही यूरोपीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में पदक के लिए उतरेंगे।

ब्रिटेन में पहली बार आयोजित हो रही इस चैंपियनशिप में 49 देशों के एथलीट हिस्सा लेंगे और 50 स्वर्ण पदकों के लिए मुकाबला होगा।

डुप्लांटिस पुरुषों की पोल वॉल्ट स्पर्धा में आकर्षण का केंद्र होंगे। उनके अलावा आइजैक नाडेर (1500 मीटर), जिमी ग्रेसियर (5000 और 10,000 मीटर), मैटिया फुरलानी (लंबी कूद), पेड्रो पिचार्डो (त्रिकूद), डेनियल स्टाहल (चक्का फेंक) और लियो न्यूगेबॉयर (डेकाथलॉन) मौजूदा विश्व चैंपियन हैं।

महिलाओं में फेमके बोल (400 मीटर बाधा दौड़), दिताजी कांबुंडी (100 मीटर बाधा दौड़) और मारिया पेरेज प्रमुख विश्व चैंपियन हैं।

चौथे लगातार यूरोपीय खिताब पर डुप्लांटिस की नजर

डुप्लांटिस, जैकब इंगब्रिग्त्सेन, मिल्टियादिस टेंटोग्लू और नॉर्वे के 400 मीटर बाधा धावक कार्स्टेन वारहोम लगातार चौथा यूरोपीय खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ उतरेंगे। वहीं यारोस्लावा माहुचिख और कीली हॉगिन्सन लगातार तीसरा स्वर्ण जीतने की कोशिश करेंगी।

डुप्लांटिस लंदन डायमंड लीग में बायीं जांघ की समस्या के कारण हिस्सा नहीं ले पाए थे। उन्होंने वहां 5.95 मीटर की छलांग लगाने के बाद प्रतियोगिता से हटने का फैसला किया था। हालांकि जांच में कोई चोट नहीं मिली और अब वह बर्मिंघम में वापसी के लिए तैयार हैं।

डुप्लांटिस अब तक 15 बार विश्व रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। उन्होंने 2020 में 6.17 मीटर के साथ पहली बार विश्व रिकॉर्ड बनाया था, जबकि उनका मौजूदा विश्व रिकॉर्ड 6.31 मीटर है, जो उन्होंने मार्च में स्वीडन में बनाया था।

चोट के बाद वापसी करेंगे इंगब्रिग्त्सेन

नॉर्वे के जैकब इंगब्रिग्त्सेन भी बर्मिंघम में वापसी करेंगे। जनवरी में एड़ी की सर्जरी के बाद उन्होंने 2026 में अब तक कोई प्रतियोगिता नहीं खेली है। वह बर्मिंघम में केवल 5000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगे।

इंगब्रिग्त्सेन पिछले तीन यूरोपीय चैंपियनशिप में 1500 और 5000 मीटर के खिताब जीत चुके हैं। वह 2018 से यूरोपीय चैंपियनशिप में अजेय हैं और अब तक छह स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।

घरेलू सितारों पर भी रहेंगी निगाहें

मेजबान ब्रिटेन की ओर से ओलंपिक 800 मीटर चैंपियन कीली हॉगिन्सन, उनकी ट्रेनिंग पार्टनर जॉर्जिया हंटर-बेल और 2022 की विश्व 1500 मीटर चैंपियन जेक वाइटमैन प्रमुख दावेदार होंगे।

ब्रिटेन की दिग्गज धाविका दीना एशर-स्मिथ भी इतिहास रचने के करीब हैं। 100 मीटर की दो बार की यूरोपीय चैंपियन एशर-स्मिथ एक और खिताब जीतने पर क्रोएशिया की चक्का फेंक खिलाड़ी सैंड्रा एल्केसिच के सात स्वर्ण पदकों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर चैंपियनशिप इतिहास की सबसे सफल एथलीट बन सकती हैं।

इस बार पहली बार मिक्स्ड 4×100 मीटर रिले भी चैंपियनशिप का हिस्सा होगी। 10 सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को 50-50 हजार यूरो की पुरस्कार राशि भी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.