दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान अगले हफ्ते करेंगे त्रिपक्षीय सैन्य अभ्यास

सियोल, 29 अगस्त । दक्षिण कोरिया, अमेरिका और जापान अगले महीने की शुरुआत में एक बार फिर संयुक्त सैन्य अभ्यास करेंगे। दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) ने शुक्रवार को बताया कि तीनों देशों का बहु-क्षेत्रीय ‘फ्रीडम एज’ सैन्य अभ्यास 7 से 11 सितंबर तक दक्षिण कोरिया के दक्षिणी तट के पास अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में आयोजित किया जाएगा।

दक्षिण कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी योनहाप

ने जेसीएस के हवाले से बताया कि यह अभ्यास जेजू द्वीप के पूर्व और दक्षिण में समुद्री क्षेत्र में होगा। इसमें तीनों देशों की सेनाओं के बीच विभिन्न क्षेत्रों में संयुक्त संचालन और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा। जेसीएस ने कहा कि ‘फ्रीडम एज’ अभ्यास रक्षात्मक प्रकृति का है और तीनों देश इसे हर साल उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल खतरों का मुकाबला करने तथा क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता बनाए रखने के उद्देश्य से आयोजित करते हैं।

यह अभ्यास ऐसे समय में हो रहा है जब उत्तर कोरिया के परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को लेकर अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच सुरक्षा सहयोग लगातार बढ़ रहा है।

गाैरतलब है कि, ‘फ्रीडम एज’ के आयोजन काे लेकर दक्षिण कोरिया और अमेरिका ने पिछले सप्ताह अपना द्विपक्षीय ‘उल्ची फ्रीडम शील्ड’ (यूएफएस) सैन्य अभ्यास कम कर दिया था। यह फैसला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश के बाद लिया गया था। इसे उत्तर कोरिया के साथ तनाव कम करने और कूटनीतिक संपर्क की संभावनाओं को बढ़ाने के संकेत के तौर पर भी देखा गया।

यूएफएस के दायरे में बदलाव के बाद यह सवाल उठ रहा था कि क्या अमेरिका और दक्षिण कोरिया इस साल जापान के साथ अपनी त्रिपक्षीय सैन्य ड्रिल आयोजित करेंगे। हालांकि, अमेरिकी पैसिफिक कमांड ने इस सप्ताह योनहाप समाचार एजेंसी को बताया कि तीनों देश ‘फ्रीडम एज’ की तैयारियों के लिए समन्वय कर रहे हैं।

प्योंगयांग लंबे समय से दक्षिण कोरिया और अमेरिका के बीच होने वाले सैन्य अभ्यासों की आलोचना करता रहा है। उत्तर कोरिया इन ड्रिल को संभावित हमले की तैयारी बताता है और सहयोगी देशों के इस दावे को खारिज करता है कि ये अभ्यास केवल रक्षात्मक प्रकृति के हैं।

ट्रंप ने भी पेंटागन को यूएफएस अभ्यास में बदलाव करने का निर्देश दिया था। उन्होंने कहा था कि इस तरह की सैन्य ड्रिल उत्तर कोरिया को “अनुचित और शत्रुतापूर्ण” संदेश दे सकती हैं। यह रुख ऐसे समय सामने आया था जब ट्रंप ने उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ बातचीत फिर से शुरू करने की इच्छा जताई थी।

आगामी ‘फ्रीडम एज’ अभ्यास में अमेरिका की ओर से कौन-कौन से प्रमुख सैन्य संसाधन और प्लेटफॉर्म शामिल होंगे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पिछले साल आयोजित अभ्यास में अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर शामिल नहीं हुआ था। यह पहली ड्रिल के बाद ऐसा पहला मौका था, जब अमेरिकी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप इसमें शामिल नहीं हुआ। उस समय अमेरिकी नौसैनिक संसाधनों की मध्य पूर्व में तैनाती को इसकी वजह माना गया था।

‘फ्रीडम एज’ अभ्यास अगस्त, 2023 में अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के नेताओं के बीच हुए कैंप डेविड शिखर सम्मेलन के प्रमुख नतीजों में से एक था। इसका उद्देश्य तीनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को अधिक संस्थागत और नियमित बनाना है। अब तक ‘फ्रीडम एज’ के तीन अभ्यास जून और नवंबर 2024 तथा पिछले साल सितंबर में आयोजित किए जा चुके हैं।

नए अभ्यास के साथ अमेरिका, दक्षिण कोरिया और जापान के बीच त्रिपक्षीय सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.