महाबोधि विहार के प्रबंधन को लेकर अमित शाह से मिले रामदास आठवले

नई दिल्ली, 12 सितंबर । रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शनिवार को उनके आवास पर मुलाकात की। आठवले के साथ बौद्ध भिक्षुओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी इस दौरान मौजूद रहा।

मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में आठवले ने कहा कि भेंट की अवधि में बोधगया स्थित महाबोधि विहार के प्रबंधन एवं बोधगया मंदिर अधिनियम, 1949 से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि बौद्ध भिक्षुओं ने अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन भी गृहमंत्री अमित शाह को सौंपा।

आठवले ने गृहमंत्री के समक्ष कहा कि भारत सहित विश्वभर के बौद्ध धर्म के अनुयायियों की लंबे समय से मांग है कि ‘बोधगया मंदिर अधिनियम, 1949’ को पूरी तरह निरस्त किया जाए तथा महाबोधि विहार का संपूर्ण नियंत्रण एवं प्रबंधन बौद्ध समुदाय को सौंपा जाए। आठवले ने बताया कि अमित शाह ने बौद्ध भिक्षुओं की मांग को सकारात्मकता एवं गंभीरता से सुना और इस विषय का शीघ्र समाधान किए जाने का भरोसा दिलाया।

आठवले ने कहा कि बोधगया वह पावन भूमि है, जहां भगवान गौतम बुद्ध को ज्ञान की प्राप्ति हुई थी और विश्वभर के करोड़ों बौद्ध अनुयायियों की इस महातीर्थ से गहरी धार्मिक एवं आध्यात्मिक आस्था जुड़ी हुई है। बौद्ध समुदाय का तर्क है कि अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों की तरह इस सबसे पवित्र बौद्ध तीर्थस्थल के संचालन एवं प्रबंधन में भी बाहरी अथवा प्रशासनिक हस्तक्षेप समाप्त होना चाहिए।

———–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.