राजसमंद, 24 सितंबर । राजस्थान के राजसमंद जिले के रेलमगरा थाना क्षेत्र में बनेडिया ग्राम पंचायत क्षेत्र के खटुकड़ा मार्ग पर गुरुवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे लोगों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
रेलमगरा थानाधिकारी प्रवीण सिंह जुगतावत ने बताया कि लोग सांसेरा स्थित जल देवी माताजी तालाब में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहे थे। खटुकड़ा मार्ग पर एक मोड़ के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर रेलमगरा अस्पताल और आरके जिला अस्पताल पहुंचाया।
थानाधिकारी के अनुसार हादसे में तुरकिया खेड़ा निवासी शंकरसिंह पुत्र जोध सिंह (65), तकड़ियों का गुड़ा, नाथद्वारा निवासी पुष्पा कुंवर पत्नी शंभूसिंह (45), तुरकिया खेड़ा निवासी हरीश लोहार पुत्र राजकुमार लोहार (12) और तुरकिया खेड़ा निवासी ललिता पुत्री भंवर सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल 11 लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।