राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक

भारत की भारोत्तोलन क्वीन मीराबाई चानू ने ग्लासगो में आयोजित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता

भारत की भारोत्तोलन क्वीन मीराबाई चानू ने ग्लासगो में आयोजित 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में देश के लिए पहला स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने महिलाओं के 48 किलोग्राम भारोत्तोलन वर्ग में 190 किलोग्राम के रिकॉर्ड तोड़ भारोत्तोलन के साथ शानदार प्रदर्शन किया।
31 वर्षीय भारतीय भारोत्तोलक ने स्नैच में 85 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम भार उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों के नए रिकॉर्ड बनाए। इस जीत के साथ ही उन्होंने 2018 और 2022 में स्वर्ण पदक जीतने के बाद लगातार तीसरी बार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीराबाई चानू को उनकी इस उपलब्धि पर बधाई दी है। उपराष्ट्रपति ने उनके समर्पण, दृढ़ता और निरंतर उत्कृष्टता की प्रशंसा की, जबकि प्रधानमंत्री ने इस जीत को भारतीय भारोत्तोलन के इतिहास में एक और गौरवशाली अध्याय बताया। प्रधानमंत्री ने मीराबाई चानू को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी निरंतर सफलता की कामना की।
भारत ने भारोत्तोलन में दो रजत पदक भी जीते। चानंबम ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में कुल 264 किलोग्राम भार उठाकर दूसरा स्थान प्राप्त किया और रजत पदक जीता। उन्होंने स्नैच में 121 किलोग्राम भार उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों के रिकॉर्ड की बराबरी की। इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 143 किलोग्राम भार उठाया।
राजा मुथुपंडी ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में कुल 286 किलोग्राम भार उठाकर रजत पदक जीता, जिसमें स्नैच में 126 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम शामिल थे। मलेशिया के मुहम्मद अजनील बिन बिदिन ने 299 किलोग्राम भार उठाकर खेलों का रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
भारत ने मुक्केबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया। जदुमणि सिंह ने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को हराकर पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि प्रीति पवार ने मलावी की देबोरा मतेनजे पर जीत हासिल करके महिलाओं के 54 किलोग्राम वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
भारत के पदकों की संख्या अब चार हो गई है। इनमें एक स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल है। पैरा-पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुषों के हेवीवेट वर्ग में कांस्य पदक जीतकर देश का खाता खोला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.