अजमेर का अगले जिला प्रमुख पर सियासत गरमाई

अजमेर, 24 नवम्बर(हि.सं.)। अजमेर जिले का अगला जिला प्रमुख कौन होगा, इस पर सियासत चरम पर है। तैंतीस सदस्यों वाली अजमेर जिला परिषद में भाजपा के 19 सदस्य विजयी हुए है यानी बहुमत उनके पास है। कांग्रेस के 12 सदस्य और आरएलपी के दो सदस्यों के साथ विपक्ष भी बहुत कमजोर स्थिति में नहीं हैं। पिछला अनुभव रहा है जबकि कांग्रेस के समर्थन से सुशील कंवर पलाड़ा ने प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा कर लिया था और भाजपा को निराशा के साथ खामोश भी रहना पड़ा था क्योंकि पलाड़ा भाजपा समर्थित तो थी पर प्रमुख के लिए सामूहिक पसंद नहीं थी।

ऐसे में इस बार आरएलपी प्रमुख हनुमान बेनीवाल के दो सदस्यों की निर्णायक भूमिका के साथ वे लोग भी पूरे फोकस में आ गए हैं जो भले ही कमल के फूल पर आस्था रखने के कारण भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते हैं लेकिन वे पुराने प्रमुख के प्रति भी अपनी श्रद्धा बनाए हुए हैं। मौजूदा हालात में सियासत बनिया, जाट और गुर्जर के इर्दगिर्द खूमती दिख रही है। बुधवार को यह स्थिति साफ हो जाएगी।

बहरहाल भारतीय जनता पार्टी द्वारा जिला परिषद में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बाद यह माना जा रहा है कि जिला प्रमुख एक बार फिर भाजपा का ही बनेगा। लेकिन शहर के राजनीतिक गलियारों में एक चर्चा ये भी तैर रही है कि भाजपा नेता भंवरसिंह पलाड़ा अपनी पत्नी पूर्व जिला प्रमुख सुशील कंवर पलाड़ा की हार के बाद भाजपा विधायकों से अच्छे खासे नाराज बताए जा रहे हैं। आरोप है कि पलाड़ा को जिले के भाजपा विधायकों ने ही सूझबूझ के साथ हरवाया है। राजनीति के जानकार बताते हैं कि परिषद का चुनाव जीते कुछ सदस्य पलाड़ा के प्रति व्यक्तिगत श्रद्धा रखते है। यदि ये सदस्य फिर से कांग्रेस और बेनीवाल यानी आरएलपी के विजयी सदस्यों के साथ मिल गए तो भाजपा को एक बार फिर पिछली बार की तरह अप्रिय परिस्थितियों को सामना करना पड़ सकता है।

वैसे नसीराबाद के पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर भी भाजपा से चुने गए गुर्जर सदस्यों के सम्पर्क में हैं। जिला परिषद में कुल सात गुर्जर सदस्य जीते हैं। जिनमें से चार भाजपा और तीन कांग्रेस के हैं। महेंद्र सिंह गुर्जर की पत्नी कमलेश गुर्जर को कांग्रेस की ओर से जिला प्रमुख का उम्मीदवार बनाया जा सकता है। वैसे भी पलाड़ा परिवार भाजपा से बगावत करता रहा है। पहले वो खुद पुष्कर बागी होकर चुनाव लड़ें थे। फिर पत्नी को जिलाप्रमुख बनाने के लिए भाजपा के साथ खुला विश्वासघात किया। इसके बाद उनके पुत्र शिवराज पलाड़ा ने पिछ्ला चुनाव नसीराबाद से निर्दलीय के रूप में लड़कर भाजपा की जीत मुश्किल कर दी थी।

उधर राजनीति के जानकारों का कहना है कि भाजपा के पास पूजा भंसाली और पूर्व मंत्री सांवरलाल जाट की बहू और नसीराबाद की विधायक रामस्वरूप लांबा की भाभी सुनीता चौधरी के रूप में एक नहीं दो प्रभावशाली दावेदार हैं।

भंसाली को पुष्कर के विधायक और कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत का पूरा समर्थन हैं और वह मुख्यमंत्री से अपने नजदीकी का लाभ उठाते हुए भंसाली को जिला प्रमुख बनवाना चाहते हैं। लेकिन जिले के बाकी भाजपा विधायक सुनीता चौधरी के साथ है। इनमें केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम, मसूदा के विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और खुद लांबा शामिल हैं। परिणाम से पहले पहले पलाड़ा का समर्थन कर रहे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और सांसद अजमेर भागीरथ चौधरी को भी अब इसी खेमे में शामिल बताया जाता है।

इस सियासी उठापटक के बीच एक और जोरदार चर्चा राजनीतिक गलियारे में हैं कि भाजपा में कुछ भी संभव है। कही पर्ची पर ही जिला प्रमुख का नाम निकल आया तो सबकी निगाह भाजपा के जिला उपाध्यक्ष अर्जुन नलिया की पत्नी संतोष गुर्जर पर टिक गई है जो पर्ची से ही चुनाव जीती थी। बताया जा रहा है कि उनके साथ देहात भाजपा अध्यक्ष जीतमल प्रजापत हैं।

भाजपा के नेताओं का अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन करने के कारण कांग्रेस को लग रहा है कि वह उस तरह का खेल जिला प्रमुख के लिए कर सकती है,जैसा खेल मेयर के लिए भाजपा ने किया था और इसमें पलाड़ा उसके मददगार बन सकते हैं। सुनीता चौधरी को उम्मीदवार नहीं बनवाने की दशा में भाजपा विधायकों के समर्थक सदस्य क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। ऐसे में इस चर्चा ने कि पलाड़ा और महेंद्र सिंह गुर्जर के संपर्क में भाजपा सदस्य हैं।

देखा जाए तो अजमेर जिला प्रमुख का पद सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित है और इस वर्ग से पूजा भंसाली की ही प्रमुख दावेदारी बनती है। जबकि सुनीता चौधरी ओबीसी से हैं। सामान्य वर्ग का हक छीनकर इसबार ओबीसी को उम्मीदवारी बनाया जाता है तो सामान्य वर्ग पर कुठाराघात तो होगा ही, अगले विधान सभा चुनाव में सामान्य वर्ग के कोप का भाजन भी भाजपा को बनना पड़ सकता है क्यों कि अजमेर जिले में किसी भी बड़े राजनीतिक पद पर कोई भी वैश्य नहीं है। अधिकांश पदों पर भाजपा के ओबीसी या आरक्षित वर्ग के नेता हैं। चाहें वो निर्वाचित हो या मनोनीत। ऐसे में भंसाली को जिला प्रमुख बनाकर वह वैश्य वर्ग के हितों की रक्षा कर सकती है, या फिर चौधरी को आगे बढ़ा कर जाटों में हो रहे डेमेज को कंट्रोल करने की रणनीति बनाती है। इंतजार स्थिति साफ होने का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.