प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर नितिन नवीन ने दी शुभकामनाएं, की ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील

नई दिल्ली, 17 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति की कामना की। उन्होंने प्रधानमंत्री को 140 करोड़ देशवासियों का नेतृत्वकर्ता और राष्ट्रसेवा का प्रतीक बताया।

गुरुवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन की यात्रा सेवा, सुशासन और जनकल्याण की प्रेरक गाथा रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि देशवासियों के सामूहिक सपनों को दिशा देने की यात्रा भी है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में भारत विकास और आत्मनिर्भरता के नए आयाम गढ़ रहा है तथा विश्व पटल पर अपनी पहचान और सामर्थ्य को लगातार मजबूत कर रहा है। उन्होंने ईश्वर से प्रधानमंत्री मोदी को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

इससे पहले प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नितिन नवीन ने देशवासियों से 17 सितंबर की शाम 6 से 7 बजे के बीच अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील की है। इस अभियान के तहत प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं और आशीर्वाद व्यक्त करने का आह्वान किया गया है।

नितिन नवीन इस अवसर पर उज्जैन के राम घाट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रमों की शुरुआत करेंगे। नितिन नवीन सुबह भाजपा मुख्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन भी करेंगे।

————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.