प्रधानमंत्री ने रूस के राष्ट्र्पति ब्लादिमीर पुतिन के साथ कोविड स्थिति व द्विपक्षीय सहयोग के मुद्दों की समीक्षा की

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज शाम रूस के राष्‍ट्रपति ब्‍लादिमीर पुतिन से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने कोविड-19 की स्थिति पर चर्चा की। राष्‍ट्रपति पुतिन ने भारत की जनता और सरकार के साथ एकजुटता प्रकट करते हुए कहा कि रूस इस संबंध में हर संभव सहायता उपलब्‍ध करायेगा। मोदी ने महामारी से लड़ाई में भारत की सहायता के लिए राष्‍ट्रपति पुतिन का आभार प्रकट किया। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि महामारी से लड़ाई में रूस का समर्थन हमारी प्रगाढ़ साझेदारी का प्रतीक है। दोनों नेताओं ने वैश्विक महामारी से लड़ाई में भारत और रूस के बीच मौजूदा सहयोग का उल्‍लेख किया। 

भारत में रूसी टीके स्‍पुतनिक-वी के आपात उपयोग की अनुमति की राष्‍ट्रपति पुतिन ने सराहना की। दोनों नेताओं ने कहा कि रूस की वैक्‍सीन भारत रूस और अन्‍य देशों में उपयोग के लिए बनायी जायेगी। 

मोदी ने ट्वीटर पर बताया कि कोविड टीके स्‍पुतनिक-v से महामारी से लड़ाई में मानवता की सहायता होगी।

दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग खासतौर से अंतरिक्ष की खोज और हाईड्रोजन अर्थव्‍यवस्‍था सहित नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग की भी समीक्षा की।

रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए दोनों नेता विदेश और रक्षा मंत्रियों के बीच टू प्‍लस टू मंत्रिस्‍तरीय संवाद शुरू करने पर भी सहमत हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.