‘ऑपरेशन मिलाप’: दिल्ली पुलिस ने लापता दो किशोरियों को मध्य प्रदेश से ढूंढा

नई दिल्ली, 29 अगस्त । उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए लापता हुई 14 वर्षीय दो किशोरियों को मध्य प्रदेश से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। आवश्यक औपचारिकताओं और काउंसलिंग के बाद दोनों छात्राओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल के अनुसार, 19 अगस्त को सुंदर नगरी स्थित सरकारी स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली दो छात्राएं संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थीं। परिजनों की शिकायत पर नंद नगरी थाने में संबंधित धाराओं में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए और जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि दोनों छात्राएं घूमने की योजना बनाकर स्कूल से निकली थीं।

जांच टीम ने मोबाइल लोकेशन, तकनीकी निगरानी और स्थानीय संपर्कों के आधार पर छात्राओं की तलाश शुरू की, जिससे उनके मध्य प्रदेश में होने की जानकारी मिली। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने 22 अगस्त को पहली छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि यात्रा के दौरान वे एक युवक के संपर्क में आ गई थीं, जो उन्हें खजुराहो और बागेश्वर की ओर ले गया था।

मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम मध्य प्रदेश के छतरपुर और खजुराहो पहुंची। पुलिस ने संदिग्ध युवक के परिजनों और रिश्तेदारों पर दबाव बनाया और लगातार टेक्निकल सर्विलांस के जरिए आखिरकार दूसरी छात्रा को भी युवक के पास से सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों छात्राओं को उनके परिजनों को सौंप दिया गया है। हिरासत में लिए गए आरोपी युवक से पूछताछ की जा रही है और इस मामले की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.