नारनाैल, 13 नवंबर । जिले में सरकारी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और कर्मचारियों की ड्यूटी में लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को सीएम फ्लाइंग रेवाड़ी और गुप्तचर विभाग की संयुक्त टीम ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 10 राजकीय पशु अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच अस्पतालों पर ताले लटके मिले, जबकि विभिन्न अस्पतालों में तैनात कुल 25 कर्मचारियों में से 14 कर्मचारी ड्यूटी से गैरहाजिर पाए गए। निरीक्षण के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।
सीएम फ्लाइंग टीम रेवाड़ी के उप निरीक्षक सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीम ने पंचायती राज विभाग के बीडीपीओ सिहमा सचिन को ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में साथ लेकर कार्रवाई की। टीम ने सुबह करीब 9:30 बजे मंडाणा, पटीकरा, शोभापुर, बिगोपुर, कोरियावास, ढाणी बाठोठा, तोताहेड़ी-सिलारपुर, मांदी, घाटाशेर और हसनपुर के राजकीय पशु अस्पतालों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ढाणी बाठोठा, मांदी, घाटाशेर, कोरियावास और हसनपुर के पशु अस्पताल बंद मिले। इन अस्पतालों के मुख्य द्वार पर ताले लगे हुए थे। जबकि सरकारी अस्पतालों के खुलने का निर्धारित समय सुबह 8:30 बजे है। इसके बावजूद एक घंटे बाद तक भी यहां कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला।
वहीं, शोभापुर पशु अस्पताल में तैनात चार कर्मचारियों में से दो गैरहाजिर मिले। मंडाणा में तीन में से एक कर्मचारी ड्यूटी पर नहीं मिला। दूसरी ओर पटीकरा के तीन, तोताहेड़ी-सिलारपुर के दो और बिगोपुर के दो कर्मचारी मौके पर मौजूद पाए गए।
टीम ने सभी अस्पतालों में कर्मचारियों की उपस्थिति और व्यवस्थाओं से संबंधित रिकॉर्ड तैयार किया। औचक निरीक्षण की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेजी जाएगी। इसके आधार पर गैरहाजिर कर्मचारियों और अस्पतालों के निर्धारित समय पर नहीं खुलने को लेकर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।