नारनाैल:आईएएस-आईपीएस बनने का मौका, मुफ्त कोचिंग के साथ मिलेगी छात्रवृत्ति

नारनाैल, 28 नवंबर । केंद्रीय विश्वविद्यालय (हकेवि) महेंद्रगढ़ में यूपीएससी और एचसीएस परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त कोचिंग में प्रवेश प्रक्रिया जारी है। अनुसूचित जाति (एससी) और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के पात्र विद्यार्थी 30 नवंबर तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयनित विद्यार्थियों को हर महीने चार हजार रुपये की छात्रवृत्ति भी दी जाएगी।

डेस के समन्वयक प्रो. अंतरेश कुमार ने शनिवार को बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से विश्वविद्यालय में संचालित यह केंद्र पिछले चार वर्षों से सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी करवा रहा है। यहां विद्यार्थियों को आईएएस, आईपीएस और एचसीएस परीक्षाओं के लिए मार्गदर्शन एवं कोचिंग दी जाती है।

उन्होंने बताया कि मुफ्त कोचिंग का लाभ एससी और ओबीसी वर्ग के ऐसे विद्यार्थी उठा सकते हैं, जिनके परिवार की सालाना आय आठ लाख रुपये या इससे कम है। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का स्नातक पास होना या स्नातक के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत होना जरूरी है।

प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को डॉ. अंबेडकर फाउंडेशन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से प्रतिमाह चार हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इससे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान आर्थिक सहायता मिलेगी।

प्रो. कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत फीस देकर किसी भी वर्ग के 50 अभ्यर्थी भी सीधे प्रवेश ले सकते हैं। इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि तक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.