जयपुर की निहारिका राठौड़ बनीं ‘द मिस ग्लोब इंडिया’

जयपुर, 30 सितंबर । गुलाबी नगरी की निहारिका राठौड़ ने ‘द मिस ग्लोब इंडिया’ का खिताब अपने नाम किया है। इसके साथ ही वह राजस्थान की पहली प्रतिभागी बन गई हैं, जिन्हें प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता ‘द मिस ग्लोब’ में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है। अब निहारिका थाईलैंड के फुकेट में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की ओर से हिस्सा लेंगी, जहां विभिन्न देशों की प्रतिभागियों के बीच मुकाबला होगा।

निहारिका जयपुर नेशनल यूनिवर्सिटी से एलएलबी प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही हैं। पढ़ाई के साथ उन्होंने मॉडलिंग और सौंदर्य प्रतियोगिताओं के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाई है। उनके पिता अजीत सिंह राठौड़ प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि मां मीनाक्षी राठौड़ गृहिणी हैं।

निहारिका ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा। इससे पहले उन्होंने ‘मिस राजस्थान’ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था, लेकिन पैर में चोट लगने के कारण अपेक्षित स्थान हासिल नहीं कर पाईं। उन्होंने इसे रुकावट नहीं बनने दिया और लगातार प्रयास जारी रखे।

इसके बाद निहारिका ने ‘मिस फ्यूजन इंडिया’ के मंच से अपने सफर को आगे बढ़ाया। इसी मंच के माध्यम से उन्हें ‘द मिस ग्लोब’ जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। निहारिका के अनुसार पिछली असफलता के बाद उन्होंने आत्मविश्वास बनाए रखा और खुद को बेहतर बनाने पर लगातार काम किया।

फुकेट में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए जयपुर में निहारिका की तैयारियां चल रही हैं। उनके मेंटोर और मिस ग्लोब इंडिया के आयोजक योगेश मिश्रा के अनुसार प्रतियोगिता के अलग-अलग राउंड के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। नेशनल कॉस्ट्यूम, गाउन राउंड सहित अन्य प्रस्तुतियों के लिए जयपुर के फैशन डिजाइनर परिधान तैयार कर रहे हैं।

इन परिधानों के जरिए भारतीय संस्कृति, राजस्थान की पारंपरिक विरासत और आधुनिक फैशन के फ्यूजन को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने की तैयारी है। इसके अलावा निहारिका की पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, स्टेज प्रेजेंस और कम्युनिकेशन स्किल्स पर भी काम किया जा रहा है।

योगेश मिश्रा ने बताया कि मिस फ्यूजन इंडिया में देशभर की प्रतिभागियों ने विभिन्न राउंड में अपनी प्रतिभा और व्यक्तित्व का प्रदर्शन किया था। ग्रैंड फिनाले में मिस ग्लोब इंडिया, मिस ओशियन इंडिया और मिस प्लैनेट इंडिया के खिताब घोषित किए गए थे। मिस ग्लोब इंडिया का खिताब उस समय होल्ड कर दिया गया था और नियमों के तहत बुधवार को इसका आधिकारिक ऐलान किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.