नेपाल में बाढ़ से मनास्लु ट्रेकिंग रूट बाधित, दो पुल और दो जलविद्युत परियोजनाएं बहीं

काठमांडू, 06 सितंबर । मनास्लु संरक्षण क्षेत्र के अंतर्गत बूढ़ीगंडकी और थेरांग नदी में आई बाढ़ के कारण रविवार को ट्रेकिंग मार्ग बाधित हो गया। बाढ़ में दो पुल बह गए हैं। जिला प्रशासन ने अगली सूचना जारी होने तक मनास्लु ट्रेकिंग रूट और लार्के पास यात्रा पर रोक लगा दी है।

सहायक प्रमुख जिला अधिकारी नेत्रप्रसाद शर्मा ने बताया कि उत्तरी गोरखा के चुमनुब्री नामरुंग में बूढ़ीगंडकी और थेरांग खोला में आई बाढ़ ने दो पुलों के साथ दो जलविद्युत परियोजनाओं को भी बहा दिया। हालांकि, बाढ़ से अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

नामरुंग के स्थानीय निवासी लाक्पा डुन्डुप ने बताया कि पुल बह जाने के बाद स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी प्रभावित हुए हैं। दो लघु जलविद्युत परियोजनाएं बह जाने से क्षेत्र में बिजली, संचार सेवा और बिजली से संचालित अन्य सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं।

पर्यटन विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष शरद ऋतु में मनास्लु हिमाल पर चढ़ाई के लिए 29 टीमों के 348 पर्वतारोहियों ने अनुमति ली है। अब तक शरद ऋतु में कुल 32 टीमों के 367 पर्वतारोहियों ने विभिन्न हिमालयी चोटियों पर चढ़ाई की अनुमति ली है, जिनमें अकेले मनास्लु के लिए 29 टीमों के 348 पर्वतारोही शामिल हैं।

पुल बह जाने से अभी शुरू हो रहे मनास्लु के पर्यटन आवागमन पर असर पड़ने की संभावना है। लार्के पास जाने वाले सैकड़ों पर्यटक बूढ़ीगंडकी नदी पर पुल नहीं होने के कारण रास्ते में फंस गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.