भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री की प्रधानमंत्री शाह से आज होगी मुलाकात

काठमांडू, 05 नवंबर । काठमांडू दौरे पर बुधवार को पहुंचे भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री आज प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। इसी के साथ दो दिवसीय दौरा पूरा कर वो दोपहर को भारत लौट जाएंगे।

प्रधानमंत्री शाह की प्रस्तावित भारत यात्रा की तैयारियों के सिलसिले में मिस्री बुधवार सुबह काठमांडू पहुंचे। यहां पहुंचने के बाद से ही वह विभिन्न बैठकों में व्यस्त हैं। बुधवार को उन्होंने वित्तमंत्री डॉ. स्वर्णिम वाग्ले, विदेशमंत्री शिशिर खनाल, ऊर्जामंत्री बिराजभक्त श्रेष्ठ, भौतिक पूर्वाधार विकास मंत्री सुनील लम्साल और विदेश सचिव अमृत बहादुर राय के साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

विदेश मंत्रालय के एक सूत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह के साथ मिस्री की शिष्टाचार मुलाकात गुरुवार के लिए निर्धारित की गई है। इस मुलाकात पर खास नजर रखी जा रही है। इसकी वजह यह है कि कुछ महीने पहले खबरें आई थीं कि प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात का समय नहीं मिल पाने के कारण मिस्री ने नेपाल का अपना पहले से निर्धारित दौरा स्थगित कर दिया था।

नेपाल और भारत के अधिकारी प्रधानमंत्री शाह की 23-24 नवंबर में होने वाली भारत यात्रा की तैयारियां कर रहे हैं। भारत के नवनियुक्त राजदूत सुधाकर दलेला भी इन तैयारियों के सिलसिले में मंगलवार को काठमांडू पहुंचे थे। 28 अक्टूबर को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नियमित मीडिया ब्रीफिंग के दौरान घोषणा की थी कि भारत ने नेपाल के प्रधानमंत्री को यात्रा के लिए आमंत्रित किया है। नेपाल के विदेश मंत्रालय के अधिकारी जल्द ही प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा की औपचारिक तारीखों की घोषणा करने की तैयारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, मिस्री के मौजूदा दौरे के बाद यात्रा की तारीखें सार्वजनिक की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.