नेपाल में पेट्रो पदार्थ की कीमत यथावत

काठमांडू, 01 अक्टूबर । नेपाल आयल निगम ने बताया है कि भारत से पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत बढ़कर आने के बावजूद नेपाल में इनके दाम फिलहाल यथावत रखे गए हैं। निगम के अनुसार, भोटेकोशी में आई असाधारण बाढ़ और भूस्खलन से पैदा हुई परिस्थितियों, आगामी त्योहारों और उपभोक्ताओं के हित को ध्यान में रखते हुए कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की गई है।

निगम की आज जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि बीती रात इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन से नई खरीद कीमत प्राप्त हुई। इसके अनुसार पेट्रोल की कीमत में 20 रुपये 44 पैसे प्रति लीटर, डीजल में 20 रुपये 21 पैसे, मिट्टी के तेल में 15 रुपये 96 पैसे और विमान ईंधन में 18 रुपये 66 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई है।

इसी तरह खाना पकाने वाली एलपीजी गैस की कीमत 81 रुपये 32 पैसे प्रति सिलेंडर बढ़कर आई है। इसके बावजूद नेपाल में गैस की मौजूदा कीमत भी यथावत रखी गई है। निगम ने बताया कि भारत से कीमतें बढ़कर आने के बावजूद नेपाल में मौजूदा कीमतों को बनाए रखने से उसे हर पखवाड़े 3 अरब 20 करोड़ 38 लाख रुपये का घाटा होगा।

निगम के मुताबिक, भोटेकोशी बाढ़ और भूस्खलन से उत्पन्न असाधारण परिस्थितियों के साथ-साथ आगामी त्योहारों और उपभोक्ताओं के हित को देखते हुए फिलहाल पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.