नेपाल को पुनर्निर्माण के लिए अमेरिका देगा 31 मिलियन डॉलर की अतिरिक्त सहायता

काठमांडू, 23 सितंबर । अमेरिका ने नेपाल में बाढ़ के बाद पुनर्स्थापना और पुनर्निर्माण के लिए अतिरिक्त 31 मिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता देने की घोषणा की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की राजनीतिक मामलों की उपसचिव एलिसन हुकर ने न्यूयॉर्क में नेपाल के विदेशमंत्री शिशिर खनाल के साथ मुलाकात के दौरान यह घोषणा की।

बैठक में हुकर ने नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों और अब भी लापता करीब 70 अमेरिकी नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अमेरिका ने प्रभावित क्षेत्रों में परिवहन बुनियादी ढांचे की बहाली और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत करने के लिए 10 मिलियन डॉलर मूल्य के स्थायी तथा जरूरत के अनुसार स्थापित किए जा सकने वाले पुल उपलब्ध कराने की घोषणा की है। इन पुलों की खरीद अमेरिकी कंपनियों से की जाएगी।

इसी तरह, प्रभावित समुदायों के लिए पेयजल, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, आश्रय, संरक्षण, आजीविका और सर्दियों के लिए आवश्यक सहायता समेत विभिन्न क्षेत्रों में अतिरिक्त 8 मिलियन डॉलर उपलब्ध कराने की योजना है। बाढ़ के बाद आपदा प्रबंधन को और प्रभावी बनाने के लिए अमेरिका में निर्मित ड्रोन उपलब्ध कराने पर 13 मिलियन डॉलर खर्च करने की योजना भी घोषित की गई है।

इस घोषणा के साथ नेपाल में बाढ़ राहत और पुनर्स्थापना प्रयासों के लिए अमेरिका की कुल सहायता 36 मिलियन डॉलर से अधिक हो गई है। अमेरिकी दूतावास ने यह जानकारी दी। अमेरिका ने नेपाल सरकार के साथ मिलकर जरूरतों का आकलन करने और आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त सहायता उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता भी जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.