नई दिल्ली, 13 नवंबर । घरेलू कमोडिटी बाजार मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शाम पांच बजे तक चलने वाले पहले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर जहां सोने और कच्चे तेल की कीमतों में हल्की बढ़त दर्ज की गई, वहीं चांदी और औद्योगिक धातुओं पर बिकवाली का दबाव बना रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले मिले-जुले संकेतों और अमेरिकी डॉलर की मजबूती के कारण निवेशकों ने आज के कारोबार में लगातार सतर्क रुख अपनाया।
सोना-चांदी की बात करें तो पहले सत्र की समाप्ति के करीब एमसीएक्स पर सोना वायदा मजबूती के साथ हरे निशान में बना रहा। दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 234 रुपये यानी 0.17 प्रतिशत की बढ़त दर्ज करते हुए 1,36,459 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार करता देखा गया। इसके विपरीत, चांदी वायदा में ऊपरी स्तर से मुनाफा वसूली होती रही। दिसंबर कॉन्ट्रैक्ट वाली चांदी 874 रुपये यानी 0.49 प्रतिशत टूट कर 1,77,850 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर आ गई।
एनर्जी मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतों में पहले सत्र के दौरान सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव होता रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड पिछले बंद भाव से 0.65 प्रतिशत फिसल कर 95.20 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। हालांकि बाद में इसकी चाल में तेजी आई, जिसके कारण ब्रेंट क्रूड 0.43 प्रतिशत उछल कर 96.23 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट यानी डब्ल्यूटीआई क्रूड 88.39 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता नजर आया। घरेलू बाजार की बात करें तो रुपये की कमजोरी के चलते एमसीएक्स पर कच्चा तेल 46 रुपये यानी 0.55 प्रतिशत चढ़ कर 8,346 रुपये प्रति बैरल पर पहुंच गया।
औद्योगिक धातुओं यानी बेस मेटल सेगमेंट में पहले सत्र के दौरान कमजोरी का रुख कायम रहा। वैश्विक विनिर्माण मांग में सुस्ती के संकेतों के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में एल्यूमिनियम के दाम 0.68 प्रतिशत टूट कर 2,998.45 डॉलर प्रति टन के स्तर पर आ गए। घरेलू हाजिर और वायदा बाजार में भी एल्यूमिनियम दबाव के साथ 328.90 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास कारोबार करता देखा गया। इसी तरह कॉपर के भाव में भी ऊपरी स्तरों पर रेसिस्टेंस देखने को मिला। इसकी वजह से कॉपर 1,330 से 1,352 रुपये प्रति किलोग्राम के सीमित दायरे में सुस्त बना रहा।
कमोडिटी बाजार के जानकारों का कहना है कि मध्य एशिया में जियो-पॉलिटिकल टेंशन बने रहने से कच्चे तेल और सोने को निचले स्तरों पर सहारा मिल रहा है। हालांकि, अमेरिकी डॉलर इंडेक्स के मजबूत बने रहने और ब्याज दरों को लेकर अनिश्चितता के कारण कीमती धातुओं की तेजी पर प्रभावी अंकुश लगा हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार शाम के दूसरे सत्र में अंतरराष्ट्रीय आर्थिक आंकड़ों के आधार पर सोना, चांदी और कच्चे तेल में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।