भक्तों से भरी नाव यमुना में डूबी, 10 लोगों के शव अब तक निकाले गए
मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा के वृंदावन से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। मथुरा की यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव के पलटने से कई श्रद्धालुओं के डूबने की खबर है। पंजाब से आए भक्त नाव में सवार थे। इसी दौरान हादसा हो गया। नाव पलटने के बाद अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन की टीम हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अब तक दस लोगों के शव निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। घटना को लेकर मथुरा डीएम सीपी सिंह ने बताया कि प्रशासन की टीम लगातार गहरे पानी में डूबे श्रद्धालुओं की तलाश कर रही है। रेस्क्यू अभियान में तमाम एजेंसियां लगी हुई हैं।
डीएम ने दी जानकारी
डीएम ने अब तक छह मौतों की पुष्टि की है। हालांकि, ग्रामीण एसपी ने इसके बाद 9 लोगों के शव निकाले जाने की बात कही। इससे हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।मथुरा डीएम सीपी सिंह ने वृंदावन नाव हादसे को लेकर बताया कि लुधियाना से 30 तीर्थयात्री आए थे। वे यमुना नदी में बोट से जा रहे थे। इसी दौरान बोट पलट गई। अभी तक 9 लोगों की डेडबॉडी मिली है। 16–17 लोग सुरक्षित निकाल लिए हैं। अन्य तीर्थयात्रियों को ढूंढ़ा जा रहा है। आर्मी और एनडीआरएफ टीम बुलाई गई है। हॉस्पिटलों को हाईअलर्ट पर रखा गया है।
पांटून पुल से टकराई नाव
बताया जा रहा है पंजाब से आए 2 दर्जन से ज़्यादा श्रद्धालु वृंदावन घूमने आये हुए थे इसी क्रम में हादसे की जानकारी सामने आई । जानकारी के अनुसार, श्रद्धालुओं से भरी नाव पांटून ब्रिज से टकराकर पलट गई। इस हादसे में 09 से अधिक लोगों की मौत की जानकारी सामने आ रही है। वहीं, दर्जनभर को रेस्क्यू किया गया है। सुरक्षित बचाए गए लोगों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।
एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने कहा, पंजाब से श्रद्धालुओं का दल आया हुआ था। उनकी नाव पलटी है। मौके पर एसडीआरएफ की टीम मौजूद है। बताया जा रहा है कि नाव में सवार सभी श्रद्धालु वृंदावन से देवराहा बाबा मांठ जा रहे थे। नाव पलटने की सूचना मिलने के बाद आनन-फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इसमें जानकारी मिलने तक 9 लोगों के शवों को निकाला गया है।
सीएम योगी ने लिया संज्ञान
मथुरा में यमुना नदी में नाव पलटने से हुए दर्दनाक हादसे पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक बताते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।
सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य तेज गति से संचालित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को नियमानुसार उचित मुआवजा देने के भी निर्देश दिए हैं।
पुल से टकराने की बात
सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में केसी घाट के पास यह हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरी नाव पंटून पुल से टकराकर यमुना नदी में पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 25 श्रद्धालु नदी में डूब गए, जिनमें से 15 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
सरकार की ओर से कहा गया है कि अधिकांश श्रद्धालु पंजाब से आए बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस, प्रशासन और गोताखोरों की टीम की ओर से युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया गया। फिलहाल, पूरे मामले पर प्रशासन सतर्क है और राहत कार्य लगातार जारी है।
