कावड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद में 12वीं तक के स्कूल बंद

गाजियाबाद, 03 अगस्त । उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में कावड़ यात्रा को देखते हुए गाजियाबाद जिला प्रशासन ने कक्षा एक से 12वीं तक के स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया है। जारी आदेश में 4 अगस्त से लेकर 12 अगस्त तक के लिए स्कूलों की छुट्टी की गई है। ये आदेश जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की तरफ से सोमवार शाम को जारी किए गए हैं। ये आदेश सभी स्कूलों और शिक्षण संस्थानों पर लागू होंगे।

जिला विद्यालय निरीक्षक गाजियाबाद के मुताबिक, सावन का महीना 30 जुलाई से शुरू हुआ है। जनपद में सावन की शिवरात्रि का मु्ख्य त्योहार 11 अगस्त को मनाया जाएगा। इस दौरान जनपद में कांवड़िये का आवागमन मुख्य मार्गों पर जारी रहेगा। इसे ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टी की गई है। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों में बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य संबद्ध बोर्डों से चलाए जा रहे स्कूल, मदरसा बोर्ड के शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं। इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ये आदेश नर्सरी से लेकर 12वीं तक की कक्षाओं पर लागू रहेंगे। स्कूलों को 4 अगस्त से लेकर 12 अगस्त तक के लिए बंद किया गया है।

मालूम हो कि सावन के महीने में भगवान शिव के भक्त विभिन्न तीर्थस्थलों से गंगाजल लाकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार समेत अन्य स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गाजियाबाद और दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरते हैं। इसी वजह से हर साल इस अवधि में कई जगह यातायात संबंधी विशेष इंतजाम किए जाते हैं और विद्यार्थियों व आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन आवश्यक प्रतिबंध और एडवाइजरी जारी करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.