10 देशों के 19 विशेषज्ञ करेंगे कटे होंठ-तालु से पीड़ित 80 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी : सांसद

झांसी, 19 अगस्त । सांसद अनुराग शर्मा की पहल पर जन्मजात कटे होंठ एवं तालु की समस्या से पीड़ित मरीजों के लिए झांसी में करीब 2 वर्ष बाद एक बार फिर निःशुल्क सर्जिकल शिविर आयोजित किया जाएगा। 01 से 06 सितंबर तक आयोजित होने वाले शिविर में वीरांगना फाउंडेशन, ऑपरेशन स्माइल इंडिया और महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले शिविर में 10 देशों के 19 विशेषज्ञ मरीजों का उपचार करेंगे। यह जानकारी बुधवार काे पत्रकार वार्ता के दौरान सांसद अनुराग शर्मा ने दी।

30 अगस्त 2026 को सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में करीब 120 मरीजों की स्क्रीनिंग की जाएगी। इसके बाद 01 से 06 सितंबर तक करीब 75 से 80 मरीजों की निःशुल्क सर्जरी प्रस्तावित है। अब तक उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के करीब 15-17 जिलों से 60-65 मरीजों का पंजीकरण एवं चिन्हांकन किया जा चुका है।

इससे पहले फरवरी 2024 में आयोजित शिविर में 220 मरीजों की स्क्रीनिंग हुई थी और 113 मरीजों की सफल सर्जरी की गई थी। उस शिविर में 16 देशों के 32 चिकित्सकों ने सेवाएं दी थीं।

इस बार मेक्सिको, पेरू,यूएसए,कॉन्गो, नीदरलैंड्स, यूके,कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, मलावी और फिलीपींस से विशेषज्ञ चिकित्सक एवं नर्सिंग वॉलंटियर्स शामिल होंगे। मरीजों को जांच, ऑपरेशन, दवाइयां और अन्य चिकित्सा सुविधाएं निःशुल्क मिलेंगी। दूर-दराज से आने वाले मरीजों और परिजनों के लिए आने-जाने तथा मेडिकल कॉलेज की धर्मशाला में ठहरने की व्यवस्था भी निःशुल्क रहेगी।

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण कोई बच्चा उपचार से वंचित न रहे, यही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञ चिकित्सकों का झांसी आकर सेवा देना पूरे बुंदेलखंड के लिए गौरव की बात है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे कटे होंठ या तालु की समस्या से पीड़ित बच्चों को शिविर तक लाएं और समाज के लोग भी जरूरतमंद परिवारों को इसकी जानकारी दें। पत्रकार वार्ता में मेडिकल सीएमएस डॉ. सचिन माहौर, डॉ. ओम शंकर चौरसिया आदि माैजूद रहें।

सप्ताह भर तक चलेगी स्पीच थैरेपी

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि न बोल पाने वाले बच्चों के लिए सप्ताह भर तक स्पीच थैरेपी भी चलाई जाएगी।

बुंदेलखंड में जल्द होगा सेंटर

सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि भविष्य में बुंदेलखंड में कटे होंठ व तालू के ऑपरेशन के लिए जल्द ही अपना सेंटर होगा, ताकि किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े और सुविधापूर्ण तरीके से बच्चों के चेहरे की मुस्कान वापस आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.