भाजपा को सत्ता से बाहर ताे कांग्रेस को सत्ता से रखेंगे दूर और बनाएंगे इनेलो की सरकार: अभय चौटाला

नूंह, 27 सितंबर । इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. अभय सिंह चौटाला का कहना है कि चौ. देवीलाल व चौ. ओमप्रकाश चौटाला का मेवात से विशेष लगाव रहा और वे चाहे सत्ता में रहे या विपक्ष में रहे हमेशा ही मेवात के लोगों के बीच आए और इस इलाके को अनेक सुविधाएं दी। अब भविष्य में जब इनेलो सत्ता में आएगी तो मेवात के इलाके में सुविधाओं का विस्तार कर गुरुग्राम की तर्ज पर मेवात का विकास करावाया जाएगा। अभय सिंह चौटाला चौ. देवीलाल की 113वीं जयंती पर रविवार को नूंह में आयोजित सम्मान दिवस रैली को संबोधित कर रहे थे।

अभय चौटाला ने मौजूदा भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल को जनविरोधी बताते हुए तथ्यों के साथ हमला बोला तो वहीं उन्होंने कांग्रेस को भाजपा की बी टीम बताते हुए कहा कि जनता के सामने कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब हो चुका है। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कभी हरियाणा खेल, खेती और रोजगार के लिए जाना जाता था। आज हरियाणा नशे की चर्चा में है। बेरोजगारी की चर्चा में है। अपराध की चर्चा में है। पेपर लीक की चर्चा में है। किसानों के आंदोलन की चर्चा में है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी से प्रदेश का नौजवान सबसे ज्यादा परेशान हैं। सरकारी नौकरियों की भर्ती निकलती है, तो पेपर लीक हो जाता है। परीक्षा होती है, तो रिजल्ट अटक जाता है।

अभय सिंह चौटाला ने कहा कि साल 1989 में दिल्ली के बोट क्लब पर चौ. देवीलाल के जन्मदिन पर रैली की गई। इस रैली में पूरा विपक्ष एक मंच पर था। रैली ने राजनीतिक गलियारों में संदेश दिया कि कांग्रेस सत्ता से बाहर हो रही है और चौ.देवीलाल के नेतृत्व में जनता दल की सरकार बन रही है और हुआ भी ऐसा ही। चौ. अभय चौटाला ने कहा कि आज की रैली यह साफ हो गया है कि भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है, कांग्रेस को सत्ता से दूर करेंगे और इनेलो की सरकार बनेगी। अभय चौटाला ने कहा कि 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता से दूर जा रही थी। उस समय जजपा के 10 विधायकों ने चौ. देवीलाल की नीतियों को गिरवी रखते हुए भाजपा की सरकार बनवाने का काम किया और फिर लगातार साढ़े 4 वर्षों तक प्रदेश को दोनों हाथों से लूटा। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 2024 में भी भाजपा सत्ता से बाहर हो रही है। एक साजिश के तहत भूपेंद्र सिंह हुड्डा एंड कंपनी ने भाजपा सरकार बनवाने में सहयोग किया।

अभय चौटाला ने रैली में ऐलान किया कि वे और पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा नवंबर माह में फिर से गांव-गांव जाएंगे। भाजपा और कांग्रेस की पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर इनेलो नशा व बेरोजगारी खत्म करेगी। किसानों के लिए जो पोर्टल भाजपा ने बनाए हैं, उन्हें बंद करवाया जाएगा। विकास की योजनाएं लागू की जाएंगी।

रैली में टीएमसी के नेता व सांसद अभिषेक बनर्जी तथा राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी अपना संदेश भेजा। रैली को संबोधित करते हुण् जम्मू कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने चौ. देवीलाल को महान नेता बताते हुए कहा कि चौ. अभय सिंह चौटाला उनकी नीतियों का अनुसरण करते हुए प्रत्येक वर्ग की आवाज को बुलंद कर रहे हैं। पूर्व वित्त मंत्री व इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक प्रो. संपत सिंह ने कहा कि चौ. देवीलाल किसानों के मसीहा थे। आज भाजपा की सरकार ने किसान-कमेरे को ठगा है। न तो किसानों को एमएसपी दी। न उनकी आय दोगुणी की और न ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.