फिरोजपुर झिरका में भीषण सड़क हादसा, तीन युवकों की मौत, एक गंभीर

नूंह, 25 अक्टूबर । नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में बीती रात हुए भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के कट के पास हुआ, जहां सोहना की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्राले ने ईको कार को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों युवक अंदर फंस गए। सूचना मिलने पर वहां पहुंचे लोगों और बचाव दल ने जेसीबी की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवकों को कार से बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ईको कार में सोहना क्षेत्र के चार युवक सवार थे। कार हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के कट से गुजर रही थी, तभी सोहना की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रोले ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण युवकों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई। आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और बचाव कार्य में मदद की। कार में फंसे युवकों को निकालने के लिए जेसीबी मशीन की सहायता लेनी पड़ी।

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान रवि निवासी गुरुग्राम तथा अनिल और विवेक निवासी सोहना के रूप में हुई है। तीनों की मौत से उनके परिवारों में शोक का माहौल है। वहीं, चौथा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

थाना शहर फिरोजपुर झिरका के प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने हादसे के संबंध में ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना में शामिल ट्रोले को कब्जे में ले लिया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चालक की तलाश की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.