पीयूष गोयल मिस्र पहुंचे, 130 से अधिक उद्योग प्रतिनिधि और स्टार्टअप प्रतिनिधि भी साथ

नई दिल्ली, 15 नवंबर । केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योगमंत्री पीयूष गोयल भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और द्विपक्षीय व्यापार एवं निवेश संबंधों को विस्तार देने के लिए 14 नवंबर को काहिरा पहुंचे। उनके साथ 130 से अधिक उद्योग प्रतिनिधियों और स्टार्टअप का प्रतिनिधिमंडल भी मिस्र गया है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यात्रा के दौरान गोयल ने काहिरा स्थित हेलियोपोलिस युद्ध कब्रिस्तान में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। इस कब्रिस्तान में दफन या स्मरण किए गए 4,000 सैनिकों में से 3,727 भारतीय थे। इनमें करीब 2,000 सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध और लगभग 1,700 ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपनी जान गंवाई थी।

गोयल ने मिस्र में भारतीय समुदाय संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और भारतीय समुदाय के सदस्यों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र के बीच करीब 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार दोनों प्राचीन सभ्यताओं के बीच साझेदारी की शुरुआत भर है।

उन्होंने बताया कि मिस्र में करीब 70 भारतीय कंपनियां काम कर रही हैं। इन कंपनियों का निवेश 5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है और इनके जरिए मिस्र के लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिल रहा है। उन्होंने भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच जीवंत सेतु बताया।

यात्रा के दौरान भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति के सातवें सत्र, संयुक्त व्यापार परिषद की बैठक और भारत-मिस्र बिजनेस फोरम का आयोजन होगा। संयुक्त व्यापार समिति की बैठक 15 नवंबर को काहिरा में होगी। इसकी सह-अध्यक्षता पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह करेंगे।

कार्यक्रम के तहत मिस्र के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें, प्रमुख उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत और अफ्रीकी निर्यात-आयात बैंक (अफ्रेक्सिमबैंक), मिस्र जूनियर बिजनेसमैन एसोसिएशन तथा मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम के साथ बैठकें भी होंगी। इन बैठकों में व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों की समीक्षा तथा कारोबारी साझेदारी के नए अवसर तलाशे जाएंगे।

भारत और मिस्र के संबंध ऐतिहासिक, सभ्यतागत और जन-संपर्क के आधार पर विकसित हुए हैं। दोनों देशों ने अपनी साझेदारी को रणनीतिक स्तर तक पहुंचाया है। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास के क्षेत्रों में सहयोग को और विस्तार देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.