ग्लोबल मार्केट से कमजोरी के संकेत, एशिया में मिला-जुला कारोबार

नई दिल्ली, 12 अगस्त । ग्लोबल मार्केट से आज कमजोर संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करते रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज मामूली गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

अमेरिका में आज कंज्यूमर प्राइस इन्फ्लेशन (सीपीआई) यानी महंगाई का आंकड़ा जारी होने वाला है। महंगाई का आंकड़ा आने के पहले अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान निवेशक सतर्क मुद्रा में कारोबार करते रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज दिन के ऊपरी स्तर से 430 अंक लुढ़क कर 180 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.32 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 7,728.20 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 159.91 अंक यानी 0.60 प्रतिशत टूट कर 26,445.45 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 53,783.16 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.17 प्रतिशत फिसल कर 10,844.19 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.13 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,714.94 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,391.42 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से पांच के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि तीन सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। थाईलैंड के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से सेट कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई हलचल नहीं हो रही है।

गिफ्ट निफ्टी आज फिलहाल 0.03 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 24,508.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.40 प्रतिशत लुढ़क कर 5,731.40 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। हैंग सेंग इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 290.82 अंक यानी 1.15 प्रतिशत टूट कर 25,362 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 379.78 अंक यानी 0.56 प्रतिशत की मजबूती के साथ 67,350 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स 225.49 अंक यानी 0.50 प्रतिशत उछल कर 45,346.21 अंक के स्तर पर आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जोरदार तेजी नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 282.70 अंक यानी 4.27 प्रतिशत की छलांग लगा कर 6,628.23 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स 0.47 प्रतिशत की बढ़त के साथ 6,297.59 अंक के स्तर पर और शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.31 प्रतिशत की मजबूती के साथ 3,946.51 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.