जयपुर, 23 अगस्त । कालवाड़ रोड स्थित मंगलम सिटी के ए-ब्लॉक के रिहायशी अपार्टमेंट की पार्किंग में रविवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग ने पार्किंग में खड़े वाहनों को चपेट में ले लिया। हादसे में 12 बाइक और तीन कारें जलकर खाक हो गईं। वाहनों के जलने से उठे धुएं से छह मंजिला अपार्टमेंट में रह रहे लोगों की सांसें भरने लगीं। सूचना मिलते ही कालवाड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से फ्लैटों में फंसे करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपार्टमेंट खाली कराया।
कालवाड़ थानाधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2:45 बजे अपार्टमेंट की पार्किंग में आग लगी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट सामने आया है। पार्किंग में खड़े वाहनों ने आग पकड़ ली, जिससे कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और तेज लपटें उठने लगीं।
आग की जानकारी मिलते ही अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। पार्किंग में खड़े वाहनों के लगातार जलने से धुआं ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गया। इससे अपार्टमेंट में मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी होने लगी। पुलिस ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से छह मंजिला इमारत के फ्लैटों में फंसे करीब 80 लोगों को बाहर निकाला। सभी को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद अपार्टमेंट खाली कराया गया।
आग की सूचना पर पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया। दमकल की चार गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से पार्किंग में खड़ी 12 बाइक और तीन कारें पूरी तरह जल गईं। पुलिस के अनुसार हादसे में किसी व्यक्ति के झुलसने या घायल होने की सूचना नहीं है।