दिल्ली से दुबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट की पाकिस्तान में इमरजेंसी लैंडिंग

नई दिल्ली: दिल्ली से दुबई जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-11 की इमरजेंसी लैंडिंग पाकिस्तान के कराची में करानी पड़ी है। तकनीकि खराबी की जानकारी मिलने के बाद पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग का फैसला किया। जिस समय खराबी का पता चला उस वक्त विमान कराची एयरपोर्ट के पास था।

विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि B737 विमान के इंडिकेटर लाइट में खराबी आ गई थी। कराची एयरपोर्ट पर विमान की सामान्य लैंडिंग हुई। इसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया।

यात्रियों को नास्ता पानी दिया गया। यात्रियों को दुबई भेजने के लिए स्पाइसजेट की ओर से दूसरा विमान कराची भेजा जा रहा है। इमरजेंसी की घोषणा नहीं की गई थी। विमान में खराबी की पहले से सूचना नहीं मिली थी। स्पाइसजेट के जिस विमान की कराची में लैंडिंग करानी पड़ी वह बोइंग 737 मैक्स 8 है।

इंडिकेटर में आई खराबी के चलते विमान उड़ा रहे पायलट को लगा विंग में मौजूद टैंक से फ्यूल लीक कर रहा है। भारत के एविएशन रेगुलेटर नागर विमानन महानिदेशालय के अनुसार पायलट ने विमान में मौजूद इंधन में असमान्य कमी देखी।

विमान के कॉकपिट में लगे फ्यूल इंडिकेटर में दिख रहा था कि बहुत अधिक इंधन का नुकसान हुआ है। इसके चलते पायलट ने एहतियात बरता और विमान को कराची में उतारने का फैसला किया। विमान में आई तकनीकि खामी की जांच की जा रही है। इंजीनियरों से क्लीयरेंस मिलने के बाद विमान को फिर से उड़ने की इजाजत मिलेगी। बता दें कि पिछले 17 दिनों में स्पाइसजेट के विमानों में छह बार तकनीकि खराबी सामने आई है। DGCA सभी मामलों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.