एलडीए में 15 अक्टूबर को लगेगा लोन मेला

लखनऊ, 02 अक्टूबर । लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से आम लोगों की सुविधा के लिए 15 अक्टूबर को गोमती नगर स्थित प्राधिकरण कार्यालय में लोन मेला लगेगा। यहां पर सभी राष्ट्रीयकृत एवं अधिसूचित बैंकों की टीम उपस्थित रहेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी और प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन की सुविधा मिलेगी।

एलडीए के वित्त नियंत्रक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर विभिन्न आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्तियों का आवंटन किया गया है। एलडीए के लेखाधिकारी विनोद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यह लोन मेला आवंटियों के लिए कई मायनों में लाभदायक साबित होगा। यहां सभी को एक ही स्थान पर ऑन स्पॉट बैंक सहायता मिलेगी। आवंटियों को मौके पर ही एनओसी प्रदान की जाएगी। साथ ही ज्यादा बैंकों के प्रतिभाग करने से प्रतिस्पर्धात्मक ब्याज दरों पर लोन मिलेगा। उन्होंने बताया कि आवंटियों को अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आय एवं जाति प्रमाण पत्र आदि प्रपत्र लाने होंगे।

एलडीए लोन मेला से खास तौर से दुर्बल एवं अल्प आय वर्ग के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एलडीए अधिकारियों ने बताया कि ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवंटियों को बैंक से लोन लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। एलडीए के लोन मेले में एक ही छत के नीचे उनका सारा काम हो जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना, अटल नगर योजना, सरदार वल्लभ भाई पटेल आवासीय योजना, पहले आओ-पहले पाओ योजना, अनंत नगर योजना के साथ ही अन्य योजनाओं में आवासीय एवं व्यावसायिक सम्पत्ति लेने वाले आवंटी बैंक लोन के लिए आवेदन कर सकेंगे।

उपाध्यक्ष लखनऊ विकास प्राधिकरण प्रथमेश कुमार ने बताया कि ‘एक दिन-एक स्थान, लोन सम्बंधी पूर्ण समाधान’ के उद्देश्य से यह लोन मेला लगवाया जा रहा है। इसमें हर वर्ग के आवंटियों की ऋण सम्बंधी जरूरतें पूरी होंगी और वे पूरा भुगतान करके अपनी सम्पत्ति के मालिक बन सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.