परकोटे में जर्जर तीन मंजिला मकान में दरारें, 40 से अधिक किरायेदार सुरक्षित निकाले

जयपुर, 06 अगस्त । परकोटा क्षेत्र में गुरुवार को एक जर्जर तीन मंजिला मकान में अचानक गहरी दरारें आने से अफरा-तफरी मच गई। मकान सामने की ओर झुकने लगा, जिसके बाद पुलिस, सिविल डिफेंस और स्थानीय लोगों की तत्परता से उसमें रह रहे 40 से अधिक किरायेदारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

घटना गलतागेट थाना क्षेत्र में ईदगाह मस्जिद के पीछे पांच नीम कब्रिस्तान के पास स्थित मोहल्ला टिक्कीग्रान की है। लगभग 30 गज क्षेत्रफल में बने इस पुराने मकान में दोनों ओर गहरी दरारें आने के बाद उसके गिरने का खतरा उत्पन्न हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर मकान के आसपास की तीनों गलियों में बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी। पुलिस ने लोगों को मकान से दूर रहने की चेतावनी दी है।

मकान की मालकिन रेहना सुल्ताना ने बताया कि यह मकान उन्हें पैतृक संपत्ति के बंटवारे में मिला था। उन्होंने कहा कि मकान में पांच-छह किरायेदार रहते थे, जबकि स्थानीय स्तर पर मकान में 40 से अधिक लोग निवासरत होने की जानकारी सामने आई है। सभी किरायेदारों को उनके सामान सहित सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया।

घटना के बाद नगर निगम ने मकान मालिक को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर विशेषज्ञ की देखरेख में आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। निगम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं होने पर नियमानुसार निगम स्वयं आवश्यक कार्रवाई करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.