डीजीपी ने थपथपाई पुलिसकर्मियों की पीठ: पांच उत्कृष्ट कार्रवाइयां ‘बेस्ट पुलिस वर्क’ में शामिल

जयपुर, 26 अक्टूबर । राजस्थान पुलिस के पांच उत्कृष्ट कार्यों को अक्टूबर के दूसरे सप्ताह के ‘बेस्ट पुलिस वर्क ऑफ द वीक’ में शामिल किया गया है। इनमें 33 हजार वोल्ट के बिजली के पोल पर फंसे युवक की जान बचाने, बैंक ऋण घोटाले के दो इनामी आरोपिताें को पकड़ने, ज्वैलर्स डकैती के आरोपित की गिरफ्तारी, करीब 50 लाख रुपए के अवैध पटाखे जब्त करने और कलश यात्रा में जेवर चोरी करने वाली 28 महिलाओं को गिरफ्तार करने की कार्रवाई शामिल है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने संबंधित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों की सराहना की।

खोराबीसल थाने के कांस्टेबल चालक सुनील कुमार ने 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन पोल पर करंट की चपेट में आकर लटके मोतीलाल ठाकुर (50) को साहस दिखाते हुए सुरक्षित नीचे उतारा। मध्यप्रदेश के सागर जिले के निवासी मोतीलाल बावड़ी पहाड़ी की तलहटी स्थित कच्ची बस्ती में रह रहे थे। उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

माणकचौक थाना क्षेत्र के राजलक्ष्मी महिला अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक में फर्जी पट्टों और दस्तावेजों से 13 ऋण खाते खोलकर करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने 10-10 हजार रुपए के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया। मामले में बैंक की पूर्व अध्यक्ष, अधिकारियों, ऋणियों और अधिवक्ताओं सहित 59 आरोपी नामजद हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश और राशि की बरामदगी में जुटी है।

नेछवा थाना क्षेत्र के गनेड़ी में ज्वैलर्स से डकैती के मामले में वांछित रामेश्वर लाल सोनी उर्फ रमेश को पुलिस ने 10 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया। आरोपी पर 25 हजार रुपए का इनाम था और वह जिला स्तर के शीर्ष 10 अपराधियों में शामिल था। वह करीब आठ महीने से फरार था।

जिला विशेष टीम और निवाई थाना पुलिस ने 12 अक्टूबर को आदित्य प्लाजा स्थित दुकानों पर कार्रवाई कर बिना लाइसेंस रखे 400 से अधिक कार्टन पटाखे जब्त किए। इनकी कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने आरोपी तुलसी राम चंदानी को गिरफ्तार कर विस्फोटक अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया।

कुचामन सिटी में 12 अक्टूबर को शिव मंदिर से उगरपुरा तक निकली भागवत कथा की कलश यात्रा के दौरान महिलाओं के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह की 28 महिलाओं को गिरफ्तार किया, जिनमें वारदात को सीधे अंजाम देने वाली चार महिलाएं भी शामिल हैं।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिसकर्मियों का साहस, संवेदनशीलता और सूझबूझ आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करती है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जवानों को प्रोत्साहित करने और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.