नई दिल्ली, 06 अगस्त । आगामी छठ महापर्व-2026 की तैयारियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन एवं विभिन्न छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के अधिकारियों से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पूजा स्थलों पर मूलभूत सुविधाओं, पर्याप्त भूमि आवंटन और समय पर अनुमति सहित विभिन्न मांगें रखीं, जिन पर सरकार और डीडीए ने सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया।
दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा, डीडीए के सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव बब्बर तथा डीडीए के उपाध्यक्ष एन. सरवन कुमार से भेंट की। इस दौरान संजय तिवारी, जगदम्बा सिंह, माधव प्रसाद, सुजीत ठाकुर, अनुपम पांडे, सोनिया सिन्हा, अभय सिंह और सुमन शर्मा सहित अन्य प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
बैठक के बाद संतोष ओझा ने कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार और डीडीए ने इस वर्ष छठ पूजा की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ता भी छठ व्रतियों की सेवा के लिए पूरी तरह समर्पित रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने छठ पूजा स्थलों पर निःशुल्क अनुमति, पर्याप्त भूमि आवंटन, आयोजन के लिए पर्याप्त समय, नोडल अधिकारी की नियुक्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा, शौचालय, चिकित्सा सुविधा तथा अन्य नागरिक सुविधाओं की मांग उठाई। डीडीए के उपाध्यक्ष ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांत अध्यक्ष एवं इंद्रप्रस्थ छठ पूजा महासंघ फाउंडेशन के संरक्षक कपिल खन्ना के नेतृत्व में एक अन्य प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सचिवालय में कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा से मुलाकात कर विभिन्न समितियों की ओर से सुझाव और मांग-पत्र सौंपा। प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर सुझाव दिए।
मंत्री कपिल मिश्रा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार इस वर्ष छठ महापर्व को पिछले वर्ष की तुलना में अधिक दिव्य, भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धामय स्वरूप में आयोजित कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।
बैठक में यह भी कहा गया कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है तथा श्रद्धालु माताओं, बहनों और व्रतियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार, डीडीए और छठ पूजा समितियों का साझा संकल्प है।