दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का क्या है हीट वेव एक्शन प्लान?

मारूफ़ रज़ा की रिपोर्ट

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए स्कूलों में पर्याप्त पानी, पंखों और गर्मी से बचाव के उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, छुट्टी से पहले हर बच्चे को ओआरएस का घोल पिलाकर ही घर भेजा जाए

नई दिल्ली: TOP BUREAU//दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को हीट वेव एक्शन प्लान पर सरकार की तैयारियों की जानकारी देते हुए कहा कि भीषण गर्मी से निपटने के लिए सभी स्तरों पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हर विभाग को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं, ताकि लोगों को गर्मी के दौरान कम से कम परेशानी उठानी पड़े।

दिल्ली सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने खास तौर पर तीन प्रमुख उपायों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सभी डीटीसी बसों में कोल्ड बॉक्स के जरिए ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी, जिससे सफर कर रहे लोगों को जरूरत पड़ने पर तुरंत पानी मिल सके। इसके अलावा बस शेल्टरों के पास भी पानी के काउंटर लगाए जाएंगे, जहां यात्रियों को मुफ्त में ठंडा पानी और ओआरएस घोल उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि श्रमिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए श्रम विभाग ने सभी नियोक्ताओं को निर्देश दिए हैं कि दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच मजदूरों को धूप में काम न कराया जाए और उन्हें आराम दिया जाए। साथ ही, पानी, छांव और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराना नियोक्ताओं की जिम्मेदारी होगी।

स्कूलों के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए स्कूलों में पर्याप्त पानी, पंखों और गर्मी से बचाव के उपाय सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, छुट्टी से पहले हर बच्चे को ओआरएस का घोल पिलाकर ही घर भेजा जाए, ताकि रास्ते में उसे गर्मी से राहत मिल सके।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सभी मंत्रालयों को अपने-अपने क्षेत्रों में इन गाइडलाइंस को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को भी सफाई कर्मचारियों और निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने तथा तेज धूप के समय काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह तैयार हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पतालों में दवाइयों व अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि फायर, बिजली और जल विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि पूरे शहर में बिजली और पानी की आपूर्ति बिना रुकावट जारी रहे। फायर विभाग क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल्स के जरिए हर घटना स्थल पर तेजी से पहुंच रहा है और आग जैसी घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ उनकी रोकथाम पर भी लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार हीट वेव से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क और तैयार है, और प्रयास यही है कि दिल्लीवासियों को इस गर्मी में कम से कम दिक्कतों का सामना करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.