देवरिया, 02 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद के खुखुंदू थाना पुलिस ने शुक्रवार काे गो-तस्करी और गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपित को एक सूचना पर मुसैला तिराहा के पास से पकड़ा। उसकी पहचान आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर माफी, मोहम्मदपुर नगरिया निवासी अभिनेष यादव (36) के रूप में हुई। आरोपित के खिलाफ खुखुंदू थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। इसी मामले के आधार पर उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। मुकदमे में वांछित होने के चलते उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के मुताबिक, अभिनेष यादव के खिलाफ गंभीरपुर थाने में वर्ष 2019 में मारपीट और अन्य धाराओं में भी मुकदमा दर्ज है। खुखुंदू थाने में वर्ष 2024 में गोवध निवारण अधिनियम व पशु क्रूरता अधिनियम तथा वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ज्ञान सिंह पटेल, हेड कांस्टेबल मुकेश यादव, कांस्टेबल गिरजेश यादव और सूरज यादव शामिल रहे।