नोएडा, 06 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित से सेक्टर 41 में रहने वाले एक 56 वर्षीय महिला को अपने जाल में फंसाकर साइबर अपराधियों ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटी रकम कमाने का झांसा देकर उनसे एक करोड रुपए की ठगी कर ली। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर साइबर क्राइम थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम प्रीति यादव ने बताया कि आज सुबह को पमिला वाकलीवल पत्नी अनुराग वाकलीवल निवासी सेक्टर 41 ने थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनसे फेसबुक के माध्यम से 25 अगस्त वर्ष 2026 को संपर्क किया, तथा उन्होंने एक फाइनेंस कंपनी के शेयर में इन्वेस्ट कर मोटी रकम कमाने का झांसा दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें आरोपियों की बातों पर विश्वास हो गया, तथा उन्होंने धीरे-धीरे रकम लगानी शुरू कर दी। उनके अनुसार 25 अगस्त से 29 सितंबर 2026 के बीच उन्होंने उनके बताए गए विभिन्न खातों में एक करोड़ रुपया ट्रांसफर कर दिया। उनको पोर्टल पर अपनी रकम बढी हुई दिखाई दे रही थी।
उन्होंने बताया कि महिला के अनुसार जब उन्होंने अपनी रकम निकालने का प्रयास किया तो साइबर ठगों ने उनसे और रकम जमा करने की शर्त रख दी। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने आज साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि पीड़िता की उम्र करीब 56 वर्ष है। डीसीपी ने बताया कि पुलिस उन बैंक खातों का पता लगा रही है जिसमें महिला से रकम ट्रांसफर करवाई गई है। पुलिस को आशंका है कि जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, वे म्यूल खाते हैं।