क्रिप्टो करेंसी मार्केट में चौतरफा गिरावट, 76 हजार डॉलर से भी नीचे लुढ़का बिटकॉइन

नई दिल्ली, 06 नवंबर । वैश्विक बाजारों में मचे हाहाकार और अमेरिकी टेक शेयरों में आई भारी बिकवाली के चलते आज क्रिप्टोकरेंसी मार्केट में चौतरफा मंदी का रुख नजर आ रहा है। इस कारण ज्यादातर डिजिटल एसेट्स लाल निशान में कारोबार कर रही हैं। अमेरिकी बाजार से मिले कमजोर संकेतों और निवेशकों के बीच बढ़े रिस्क-ऑफ सेंटीमेंट के कारण आज क्रिप्टो करेंसी मार्केट पर लगातार दबाव बना रहा।

भारतीय समय के अनुसार आज शाम 7:15 बजे क्रिप्टो एक्सचेंज से मिले ताजा आंकड़ों के मुताबिक दुनिया की सबसे बड़ी और लोकप्रिय क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन पिछले 24 घंटे के कारोबार के दौरान 4.77 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 75,794.43 डॉलर के स्तर पर आ चुकी है। इसी तरह दूसरी सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी एथेरियम भी बिकवाली के भारी दबाव में फंस कर 6.34 प्रतिशत की बड़ी कमजोरी के साथ 2,234.75 डॉलर के भाव पर कारोबार कर रही है।

बिटकॉइन और एथेरियम की इस सुस्ती के बीच शीर्ष 15 क्रिप्टोकरेंसीज में शामिल अधिकांश ऑल्टकॉइन्स भी आज मंदी की चपेट में फंसे नजर आ रहे हैं। मार्केट कैप और ट्रेडिंग वॉल्यूम के लिहाज से प्रमुख करेंसीज में शामिल एक्सआरपी में आज 9.36 प्रतिशत की सबसे बड़ी गिरावट देखी गई है। इस गिरावट के कारण इसका भाव टूट कर 1.18 डॉलर पर आ गया है।

इसके अलावा सोलाना 5.31 प्रतिशत की गिरावट के साथ 90.26 डॉलर, व्हाइटबिट कॉइन 5.18 प्रतिशत टूट कर 72.92 डॉलर, डॉगकॉइन 4.66 प्रतिशत की मंदी के साथ 0.072 डॉलर, हाइपरलिक्विड 4.34 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 78.18 डॉलर, मोनेरो 2.85 प्रतिशत की गिरावट के साथ 619.24 डॉलर और बीएनबी 2.18 प्रतिशत फिसल कर 695.53 डॉलर के स्तर पर आ गए हैं। इसके साथ ही लियो टोकन 0.26 प्रतिशत और जीकैश भी 0.02 प्रतिशत की मामूली सुस्ती के साथ लाल निशान में बने हुए हैं।

दूसरी ओर, इस चौतरफा बिकवाली और मंदी के माहौल के बीच भी केवल ट्रॉन ही एकमात्र ऐसी प्रमुख डिजिटल करेंसी रही, जो खरीदारों के सपोर्ट से 0.17 प्रतिशत की मामूली बढ़त दर्ज कर 0.32 डॉलर के भाव पर ग्रीन जोन में कारोबार करने में सफल रही। इसके अलावा टेथर 0.04 प्रतिशत और यूएसडी कॉइन 0.01 प्रतिशत की मामूली सुस्ती के साथ बिना किसी बड़े बदलाव के अपने स्थिर दायरे में बने हुए हैं।

क्रिप्टो मार्केट के कुल वैल्यूएशन की बात करें, तो शाम 7:15 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार दुनिया की सबसे बड़ी क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन का कुल मार्केट कैप गिरावट के बाद 1.52 ट्रिलियन डॉलर के स्तर पर दर्ज किया गया है। इसी तरह पिछले 24 घंटे के दौरान इसका कुल ट्रेडिंग वॉल्यूम 22.09 बिलियन डॉलर रहा है। एथेरियम का कुल मार्केट कैप भी इस समय 272.47 बिलियन डॉलर के स्तर पर आ गया है, जबकि इसका 24 घंटे का ट्रेडिंग वॉल्यूम 8.94 बिलियन डॉलर दर्ज किया गया है।

क्रिप्टो करेंसी मार्केट के एक्सपर्ट्स का कहना है कि ग्लोबल लेवल पर टेक शेयरों में आई मुनाफावसूली और लिक्विडेशन के कारण शॉर्ट टर्म में क्रिप्टो करेंसी बाजार के भीतर यह अस्थिरता और उतार-चढ़ाव का दौर अभी कुछ समय के लिए आगे भी जारी रह सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.