60 हजार का इनामी टॉप-10 वांछित गिरफ्तार

चित्तौड़गढ़, 02 अक्टूबर । चित्तौड़गढ़ जिले की गंगरार थाना पुलिस ने अवैध स्मैक बनाने और खरीद-फरोख्त के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-10 वांछित आरोपी राहुल दायमा उर्फ राहुल बंजारा (31) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एटीएस, एजीटीएफ एवं एएनटीएफ राजस्थान की ओर से 60 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेंद्र सिंह जोधा और वृत्ताधिकारी गंगरार उदय सिंह चूंडावत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रख रही थी। पुलिस दबिश की भनक लगते ही आरोपी ठिकाना बदल देता था। लगातार आसूचना संकलन के बाद पुलिस ने जीवा नायक का खेड़ा निवासी राहुल बंजारा को गिरफ्तार कर लिया।

मामला 16 जनवरी 2026 का है। गंगरार पुलिस ने राहुल के रिहायशी मकान पर दबिश देकर अवैध स्मैक पाउडर, स्मैक बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और हथकढ़ देशी शराब बरामद की थी। कार्रवाई में करीब 15 लाख रुपए नकद, 13 एंड्रॉयड मोबाइल, 21 कीपैड मोबाइल, चार लैपटॉप तथा इंजन और चेसिस नंबर अंकित करने वाली रॉड सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले थे। इस संबंध में गंगरार थाने में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्रकरण दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। पुलिस अब उससे स्मैक निर्माण और खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क तथा अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई में थानाधिकारी तुलसीराम प्रजापत, एएसआई संजय शर्मा, कांस्टेबल रामसिंह, महेंद्र सिंह, विद्याधर ढाका, भागचंद और हेड कांस्टेबल चालक देवकिशन की भूमिका रही। टीम ने लगातार आसूचना जुटाकर और संभावित ठिकानों पर निगरानी रखते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.