बोलीविया के सैन्य बेस में भीषण धमाका, करीब 10 लोगों की मौत और 62 घायल

ला पाज़, 05 सितंबर । बोलीविया की राजधानी ला पाज़ से करीब 30 किलोमीटर दूर विआचा शहर में शुक्रवार को एक मिलिट्री बैरक में भीषण धमाका हो गया। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 62 लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, धमाका उस इलाके में हुआ जहां आतिशबाजी का सामान रखा गया था।

ताइवान की राष्ट्रीय समाचार सेंट्रल न्यूज एजेंसी (सीएनए) और अन्य मीडिया रिपाेर्ट में अधिकारियों के हवाले से बताया गया कि घटना शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, धमाका रक्षा मंत्रालय के आतिशबाजी के स्टॉक में आग लगने के बाद हुआ। हालांकि, आग लगने और धमाके की वास्तविक वजह का अभी पता नहीं चल सका है।

विआचा की स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का ने स्थानीय मीडिया को बताया कि घटना में मृतकों की संख्या 10 से 15 तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि हादसे में 62 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 14 लोगों को ला पाज़ के अस्पतालों में भेजा गया है। इनमें एक लड़की भी शामिल है, जो थर्ड-डिग्री बर्न यानी गंभीर रूप से झुलस गई है।

पुलिस के मुताबिक, हादसे में 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और आसपास के दर्जनों घरों को भी नुकसान पहुंचा है। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि कई घरों की खिड़कियां टूट गईं और कुछ इमारतों को ढांचागत नुकसान भी हुआ।

घटना के बाद मिलिट्री कॉम्प्लेक्स में एंबुलेंस, मेडिकल टीमें और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। राहतकर्मी घायलों को स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने और इलाके में हुए नुकसान का जायजा लेने में जुटे रहे।

स्वास्थ्य निदेशक रीटा नेब्रास्का के अनुसार, दमकलकर्मियों ने घटनास्थल पर अभी भी गर्मी का स्रोत मौजूद होने की चेतावनी दी है। इससे दोबारा धमाका होने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्थानीय लोगों से घटनास्थल से कम से कम 150 मीटर दूर रहने की अपील की है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और धमाके के कारणों की जांच की जा रही है।

बोलीविया दक्षिण अमेरिका का एक स्थलरुद्ध देश है, जिसकी सीमाएं ब्राजील, पेरू, चिली, अर्जेंटीना और पैराग्वे से लगती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.